‘भोंदूबाबा’ अशोक खरात प्रकरण में नए आरोपों से बढ़ी गंभीरता
हमारे पास हैं 58 वीडियो

* रुपाली पाटिल के दावे से सियासत हुई तेज
* जांच पर उठ रहे सवाल, जमकर हो रहे आरोप-प्रत्यारोप
नाशिक/दि.19 – इस समय लगातार चर्चित रहनेवाले अशोक खरात प्रकरण में नए खुलासों और आरोपों के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया है. इस बीच, राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. राष्ट्रवादी कांग्रेस की नेता रूपाली पाटील ठोंबरे ने दावा किया है कि पुलिस के पास इस मामले से जुड़े 58 वीडियो मौजूद हैं, जिससे कई पीड़िताओं के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है. साथ ही उन्होंने साक्ष्यों से छेड़छाड़ की संभावना भी व्यक्त करते हुए आशंका जताई है कि, राकांपा नेत्री व राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा रुपाली चाकणकर द्वारा उन वीडियोज जैसे सभी सबूतों को नष्ट किया जा सकता है. रुपाली पाटिल ठोंबरे द्वारा किए गए इस दावे के बाद अब राज्य में सियासत काफी तेज हो गई है और मामले की जांच पर सवाल उठ रहे है.
पुणे में आयोजित पत्रकार परिषद में रूपाली पाटील ठोंबरे ने कहा कि यदि इतने वीडियो सामने आते हैं, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना आवश्यक है. उन्होंने रूपाली चाकणकर से नैतिक आधार पर पद छोड़ने की मांग करते हुए कहा कि इससे जांच की पारदर्शिता बनी रहेगी. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो राज्यभर में आंदोलन किया जाएगा. रूपाली पाटील ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मुद्दा किसी राजनीतिक दल या वर्ग विशेष का नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय से जुड़ा है. उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है.
उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण में स्वयंघोषित ज्योतिषी अशोक खरात पर एक महिला ने धार्मिक आस्था और तथाकथित दैवी शक्तियों का सहारा लेकर विश्वास हासिल करने तथा बाद में दुष्कर्म करने के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेजा गया है. जांच के दौरान पुलिस के हाथ एक पेनड्राइव लगी है, जिसमें कथित रूप से 58 वीडियो होने की बात सामने आई है. इन वीडियो का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.
इस बीच, नाशिक में सामने आए इस प्रकरण ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है. अशोक खरात के साथ राकांपा नेत्री व राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा रुपाली चाकणकर की कुछ तस्वीरों के वायरल होने के बाद विपक्ष ने निष्पक्ष जांच की मांग तेज कर दी है. हालांकि रूपाली चाकणकर ने स्पष्ट किया है कि उन्हें आरोपी के व्यक्तिगत जीवन या आरोपों की कोई जानकारी नहीं थी और उन्हें पुलिस जांच पर पूरा विश्वास है. वहीं दूसरी ओर पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच विधिसम्मत और निष्पक्ष तरीके से की जा रही है तथा सभी पहलुओं की गहन पड़ताल जारी है. फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर प्रदेशभर की नजरें टिकी हुई हैं.
* कौन हैं कैप्टन अशोक खरात?
जानकारी के मुताबिक अशोक खरात इससे पहले मर्चंट नेवी की सेवा में था. जहां पर 22 वर्ष काम करने के उपरांत वह रिटायर हो गया और उसके द्वारा 154 देशों की यात्रा किए जाने की चर्चा है. सिन्नर तहसील के मीरगांव में स्थापित श्री शिवनिका संस्थान ट्रस्ट का अध्यक्ष रहनेवाले अशोक खरात ने सेवानिवृत्ति के बाद अंकशास्त्र व ज्योतिषी के क्षेत्र में काम करना शुरु किया तथा राज्य के बडे-बडे मंत्री खरात के पास अपना भविष्य जानने हेतु आने लगे. जिसकी वजह से वह लगातार चर्चा में रहने लगा. निजी विमान से यात्रा करने और बेहद आलिशान जिंदगी जीने वाली अशोक खरात की लाइफ स्टाइल कई लोगों को आश्चर्यचकित भी किया करती थी. खास बात यह है कि, अशोक खरात की अध्यक्षता वाले शिवनिका संस्थान ट्रस्ट में सदस्य के तौर पर राकांपा नेत्री व राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा रुपाली चाकणकर का भी समावेश है.
* खरात के फार्महाउस से पिस्तौल बरामद
– राज्य सरकार ने जांच हेतु गठित की एसआईटी
इसी बीच महिलाओं के कथित शोषण से जुड़े चर्चित अशोक खरात प्रकरण में जांच अब और तेज हो गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने विशेष जांच दल का गठन किया है. इस टीम का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तेजस्विनी सातपुते को सौंपा गया है. अधिकारियों के अनुसार, एसआईटी अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच करेगी, जिससे संभावित अन्य तथ्यों और कड़ियों का खुलासा हो सके.
वहीं दूसरी ओर नाशिक क्राइम ब्रांच ने आरोपी के मिरगांव स्थित फार्महाउस पर देर रात छापेमारी की. इस कार्रवाई में पुलिस को एक पिस्तौल तथा कुछ जिंदा और इस्तेमाल किए गए कारतूस बरामद हुए हैं. इसके अलावा कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और संदिग्ध सामग्री भी जब्त की गई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस बरामदगी के बाद मामले में नए आयाम जुड़ गए हैं और आरोपी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. अवैध हथियार मिलने के कारण अब जांच का दायरा और विस्तृत किया जा रहा है. कौन है स्वयंभू भगवान कैप्टन अशोक खरात
* कई राजनीतिज्ञ, उद्योजक व बडे नौकरशाह भी थे संपर्क में
विवादित स्वयंभू बाबाओं की लिस्ट में नासिक के एस्ट्रोलॉजर कैप्टन अशोक खरात का नाम जुड़ गया है, जिसे पुलिस ने रेप के आरोप में गिरफ्तार किया है. धार्मिक आस्था, दैवीय शक्ति और मंत्र तंत्र के सहारे 67 साल के अशोक खरात ने भक्तों की फौज बना रखी है. महाराष्ट्र के कई बड़े राजनेता, सेलिब्रिटी और उद्योगपति इस भविष्यवक्ता के फॉलोअर हैं. इनमें कई सेलिब्रिटी महिलाएं भी शामिल हैं. वह सिन्नर तालुका के मिरगांव में बनाए गए श्री ईशान्येश्वर मंदिर ट्रस्ट का चेयरमैन है. इस मंदिर को श्री शिवनिका संस्थान के नाम से भी जाना जाता है, जहां बड़े-बड़े लोग कई मौकों पर अशोक खरात की पाद्य पूजा यानी पैर पूजने की रस्म कर चुके हैं.
रिपोर्टस के मुताबिक, अशोक खरात मर्चेंट नेवी का रिटायर्ड अफसर है, इसलिए अपने नाम के आगे कैप्टन लगाता है. खरात अक्सर अपने प्रवचन में दावा करता रहा कि मर्चेंट नेवी में काम करने के दौरान उसने दुनिया के 154 देशों की यात्रा की है, इसलिए वह कई भाषाओं का ज्ञानी है. सिन्नर तालुका के कहंदलवाड़ी के रहने वाले कैप्टन खरात के बारे में कहा जाता है कि स्कूल में पढ़ाई के दौरान अचानक वह लापता हो गया. फिर 22 साल तक मर्चेंट नेवी में नौकरी की, फिर अचानक नासिक लौटा और भविष्यवाणी शुरू की. कुछ वर्षों में वह स्वयंभू भगवान बन गया. कॉस्मोलॉजी एक्सपर्ट और न्यूमेरोलॉजिस्ट के तौर पर खरात की ख्याति फैल गई. उससे प्रभावित होकर बड़े-बड़े बिजनेसमैन और राजनेता अपना भविष्य जानने आने लगे.
हाल की गिरफ्तारी से पहले कैप्टन अशोक खरात के एक वायरल वीडियो पर विवाद हुआ था. इस वीडियो में खरात धार्मिक रस्म के बहाने एक महिला के सिर पर तांबा रखने के बाद अश्लील हरकत करते हुए नजर आया. उसके खिलाफ एक महिला ने ब्लैकमेल और दो साल तक रेप के आरोप लगाए हैं. इस मामले में न्यूमेरोलॉजिस्ट खरात के खिलाफ नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस में दर्ज किया गया था. पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान उसके पास से पेन ड्राइव बरामद किया गया है, जिसमें 58 सनसनीखेज वीडियो हैं. इन वीडियो में कुछ मशहूर महिलाएं और सेलिब्रिटी शामिल हैं. इसके अलावा कई तस्वीरें भी सामने आ चुकी हैं.
* राजनीतिक दलों ने मांगा चाकणकर का इस्तीफा
राजनीतिक विवाद महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर की तस्वीर पर हुआ है. एक तस्वीर में चाकणकर आरोपी ज्योतिष अशोक खरात के लिए छाता पकड़े हुए और दूसरे में पाद्य पूजन करती हुईं दिख रही हैं. कांग्रेस का कहना है कि चाकणकर आरोपी के शिवनिका संस्थान की ट्रस्टी भी हैं. कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने भी रूपाली चाकणकर का इस्तीफा मांगा है. शिवसेना यूबीटी की नेता सुषमा अंधारे ने भी आरोप लगाया कि रूपाली चाकणकर ने अपने रसूख का इस्तेमाल कर पहले भी इस तरह के आरोपों को दबाने की कोशिश की थी. एनसीपी-एसपी प्रवक्ता सुनील मांगे ने भी चाकणकर को महिला आयोग से हटाने की मांग की.