अमरावती में भीम ब्रिगेड का उग्र प्रदर्शन
मंत्री संजय शिरसाठ का पुतला फूंका

अमरावती/दि.20- सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाठ के कथित विवादित बयान के विरोध में अमरावती में भीम ब्रिगेड संगठन ने जोरदार प्रदर्शन किया. जिलाधिकारी कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मंत्री शिरसाठ का प्रतीकात्मक पुतला जलाकर अपना आक्रोश जताया.
इस आंदोलन का नेतृत्व भीम ब्रिगेड के अध्यक्ष राजेश वानखड़े ने किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री के बयान की कड़ी निंदा करते हुए जोरदार विरोध दर्ज कराया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मंत्री द्वारा किया गया बयान अनुसूचित जाति समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है. उन्होंने मांग की कि संजय शिरसाठ तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और एट्रॉसिटी कानून में किसी भी प्रकार का बदलाव न किया जाए. इसके अलावा संगठन की ओर से मुख्यमंत्री से मांग की गई कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री शिरसाठ का इस्तीफा लिया जाए. प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और पूरा आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. हालांकि, इस घटना के चलते कुछ समय के लिए शहर में तनाव का माहौल बना रहा.





