ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों को मराठी सीखने और समय देगी राज्य सरकार
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिया भरोसा

मुंबई /दि.25 – राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि, मराठी नहीं बोलने वाले किसी भी उत्तर भारतीय ऑटो और टैक्सी चालक का लाइसेंस रद्द नहीं किया गया, अगर उत्तर भारतीय ऑटो और टैक्सी ड्राइवरों को लगता है कि, उन्हें मराठी सीखने के लिए और समय चाहिए, तो सरकार इसके लिए तैयार है. सरकार व्यावहारिक मराठी सीखने के लिए और समय देगी. इसके पहले भी मराठी सीखने के लिए दो बार समयावधि बढाई है.
सोमवार को मुख्यमंत्री फडणवीस ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के उत्तर भारतीय ऑटो और टैक्सी ड्राइवरों को परेशान करने के आरोपों पर जवाब दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि, उत्तर भारतीय ऑटो और टैक्सी ड्राइवरों को परेशान करने का कोई कारण नहीं है. उत्तर भारतीय ऑटो और टैक्सी ड्राइवरों को मराठी का विशेषज्ञ बनने के लिए नहीं कहा गया. केवल बोलचाल के लिए मराठी सीखने का आग्रह किया गया है.
* जुर्माने की अफवाह के बाद विरोध
बोरीवली आरटीओ के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक चालकों में यह गलत सूचना फैली है कि, मराठी नहीं जानने पर 5 हजार से 20 हजार रुपए तक जुर्माना लगाया जाएगा. वहीं परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि, चालकों को मराठी सीखने के लिए एक महिने का समय दिया जाएगा. इसके बाद भी नियम नहीं मानने पर लाइसेंस और बैच तीन महिने के लिए निलंबित होंगे.





