अचलपुर के विधायक प्रवीण तायडे की शिकायत पर
पूर्व बच्चू कडू के खिलाफ हत्या के प्रयास का गंभीर मामला दर्ज!

* बच्चू कडू सहित गोलू माहोरे व एक अन्य हुए है संगीन धाराओं में नामजद
* विधायक तायडे ने अपने चचरे भाई अभिजीत तायडे को सडक हादसे में जान से मारने की योजना बनाने का लगाया था आरोप
* चांदुर बाजार पुलिस ने शिकायत व पेन ड्राईव की प्राथमिक जांच के बाद दर्ज किया मामला
* मामले सामने आते ही चांदुर बाजार सहित जिलेभर में हडकंप
अमरावती /दि.3- अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रवीण तायडे तथा क्षेत्र के पूर्व विधायक रह चुके प्रहार जनशक्ति पार्टी के मुखिया व पूर्व मंत्री बच्चू कडू के बीच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता जगजाहीर है और दोनों के बीच अक्सर ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चलता रहता है. लेकिन अब यह मामला बेहद संगीन मोड और पुलिस थाने तक जा पहुंचा है. क्योंकि विधायक प्रवीण तायडे की शिकायत के आधार पर चांदुर बाजार पुलिस ने पूर्व मंत्री बच्चू कडू के खिलाफ बीएनएस की धारा 55, 58 व 61 के तहत कुछ लोगों को आपसी मिलीभगत करते हुए किसी की हत्या के लिए उकसाने तथा एक व्यक्ति की हत्या का उसे सडक दुर्घटना दर्शाने की योजना बनाने के मामले में नामजद किया है. विधायक प्रवीण तायडे ने अपने चचेरे भाई अभिजीत दिगंबर तायडे के साथ चांदुर बाजार पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि, पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने अपने सहयोगी शुभम उर्फ गोलू माहोरे एवं एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर उन्हें यानि विधायक तायडे को राजनीतिक तौर पर कमजोर करने के लिए उनके चचेरे भाई अभिजीत तायडे को रास्ते से हटाने और हत्या के मामले को सडक हादसा दर्शाने की योजना बनाई थी. जिसके चलते चांदुर बाजार पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर पूर्व मंत्री बच्चू कडू व शुभम उर्फ गोलू माहोरे सहित एक अन्य को नामजद करते हुए मामले की जांच करनी शुरु कर दी है. वहीं इस मामले की जानकारी सामने आते ही चांदुर बाजार तहसील व अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र सहित पूरे जिलेभर में जबरदस्त हडकंप मचा हुआ है.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक प्रवीण वसंतराव तायडे तथा उनके चचेरे भाई अभिजीत दिगंबरराव तायडे (40, कोल्हा काकडा) ने आज 3 अप्रैल को चांदुर बाजार पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि, विगत दिसंबर माह के दौरान पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने कुरलपूर्णा स्थित उनके निवासस्थान पर शुभम उर्फ गोलू माहोरे तथा एक अन्य व्यक्ति के साथ अभिजीत तायडे को सडक हादसे में जान से मार देने को लेकर चर्चा की थी. उस समय मौके पर उपस्थित एक गोपनीय साक्षीदार ने इस पूरी बातचीत की रिकॉर्डींग अपने मोबाइल में की थी तथा वह रिकॉर्डींग विधायक प्रवीण तायडे के सुपूर्द की थी. चूंकि उस समय विधायक प्रवीण तायडे विधान मंडल के अधिवेशन में व्यस्त थे. जिसके चलते वे उस समय शिकायत दर्ज नहीं करा सके और अब पूरे मामले की व्यक्तिगत स्तर पर जांच-पडताल करने के बाद आज 3 अप्रैल को पूरे सबूतों के साथ अपनी शिकायत दर्ज कराने हेतु पुलिस थाने पहुंचे.
जानकारी के मुताबिक चांदुर बाजार पुलिस को शिकायत एवं पेन ड्राईव की प्राथमिक जांच-पडताल के बाद इसमें कुछ तत्व मिले है. जिसके चलते पूर्व मंत्री बच्चू कडू व शुभम उर्फ गोलू माहोरे सहित एक अन्य ऐसे तीन लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 55, 58 व 61 के तहत अपराध दर्ज किया गया है. साथ ही साथ इस मामले से संबंधित सबूतो और रिकॉर्डींग क्लीप की सत्यता को जांच-पडताल हेतु न्याय वैद्यक प्रयोगशाला के पास भेजा जा रहा है.

* किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें नागरिक
इस पूरे मामले को लेकर जानकारी देने के साथ ही ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद द्वारा कहा गया कि, इस मामले में चांदुर बाजार पुलिस द्वारा पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से अपना काम किया जा रहा है. अत: नागरिकों द्वारा इस मामले को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए तथा कानून व व्यवस्था की स्थिति को अबाधित बनाए रखने हेतु पुलिस के साथ सहयोग किया जाए. साथ ही साथ उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि, यदि कोई भी व्यक्ति इस मामले को लेकर किसी भी तरह की अफवाहें या गलत खबरें फैलाता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कडी कार्रवाई की जाएगी.
* 20 मिनट 21 सेकंड की है ऑडिओ रिकॉर्डींग
जानकारी के मुताबिक विधायक प्रवीण तायडे द्वारा शिकायत के साथ पुलिस को सौंपी गई पेन ड्राईव में 20 मिनट 21 सेकंड की ऑडिओ रिकॉर्डींग है. जिसकी सत्यता को जाचने हेतु अब उसे फॉरेन्सिक लैब में भेजा जाएगा.
* विधायक तायडे खुद अपने साथ लेकर आए थे पेन ड्राईव लेकर
पता चला है कि, इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराने हेतु खुद विधायक प्रवीण तायडे चांदुर बाजार पुलिस थाने पहुंचे थे और उन्होंने विधायक बच्चू कडू पर बेहद सनसनीखेज आरोप लगाते हुए अपने हाथों से चांदुर बाजार पुलिस को उक्त ऑडिओ रिकॉर्डींग की क्लीप रहनेवाली पेन ड्राईव सौंपा था.
* पूर्व मंत्री बच्चू कडू की हो सकती है गिरफ्तारी
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, इस मामले में पूर्व मंत्री बच्चू कडू व उनके दो सहयोगियों के खिलाफ गैर जमानती संगीन धाराएं लगाई गई है. ऐसे में उन्हें अव्वल तो जांच-पडताल के लिए चांदुर बाजार पुलिस स्टेशन या एसपी ऑफीस बुलाया जाएगा. साथ ही जरुरत पडने पर पुलिस द्वारा पूर्व मंत्री बच्चू कडू को गिरफ्तार भी किया जा सकता है. चूंकि पूर्व मंत्री बच्चू कडू भी चार बार अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक रह चुके है और वे वर्ष 2019 से 2022 तक महाराष्ट्र सरकार में राज्यमंत्री भी थे. ऐसे में पुलिस द्वारा इस मामले में फूंक-फूंककर कदम उठाए जा रहे है.
* एसआईटी का हो सकता है गठन
फिलहाल तो इस मामले की जांच चांदुर बाजार पुलिस स्टेशन के थानेदार अशोक जाधव द्वारा की जा रही है. लेकिन पता चला है कि, जरुरत पडने पर विशेष जांच दल यानि एसआईटी का भी गठन किया जा सकता है और ग्रामीण अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखडे को जांच का जिम्मा दिया जा सकता है.
दोनों नेताओं की सुरक्षा पर दिया जाएगा ध्यान
आज सुबह इस मामले को लेकर जैसे ही जानकारी सामने आई, तो विधायक प्रवीण तायडे एवं पूर्व मंत्री बच्चू कडू के समर्थकों में अच्छा-खासा हडकंप मच गया. ऐसे में दोनों पक्षों के बीच संभावित टकराव को टालने हेतु आवश्यक प्रबंध करने के साथ ही अब पुलिस द्वारा दोनों नेताओं व उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.





