पहले गिरफ्तारी दूंगा और जमानत लूंगा, फिर असली राज खोलूंगा
‘उस’ ऑडियो क्लिप पर पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने दी प्रतिक्रिया

* ऑडियो क्लिप में अपनी आवाज ही नहीं रहने का किया दावा
* खुद के खिलाफ बहुत बडा राजनीतिक षडयंत्र होने की बात कही
* बोले – हमारे बढते प्रभाव से भयभीत हैं कुछ बडे-बडे लोग
* हमारी राजनीति को खत्म करने रचि जा रही बहुत बडी साजिश
अमरावती/दि.4 – इस समय अमरावती शहर व जिले सहित विदर्भ क्षेत्र एवं राज्य के कई क्षेत्रों में प्रहार जनशक्ति पार्टी का प्रभाव लगातार बढ रहा है. जिसे देखते हुए राज्य के कुछ बडे-बडे राजनीतिज्ञ भयभीत है और अब वे लोग हमें राजनीतिक तौर पर खत्म करने की साजिश रच रहे है. इसी साजिश के तहत हमें एक गंभीर अपराधिक मामले में फंसाने हेतु एक कथित ऑडियो क्लिप का सहारा लिया गया है. जिसे मीडिया एवं सोशल मीडिया पर वायरल करते हुए हमे जमकर बदनाम किया जा रहा है. जबकि हकीकत यह है कि, उस वायरल ऑडियो क्लिप में मेरी आवाज ही नहीं है और उस ऑडियो क्लिप से मेरा या मेरे किसी कार्यकर्ता का कोई लेना-देना भी नहीं है, इस आशय का दावा प्रहार जनशक्ति पार्टी के मुखिया व पूर्व मंत्री बच्चू कडू द्वारा किया गया. साथ ही साथ बच्चू कडू ने यह भी कहा कि, वे फिलहाल अमरावती से बाहर है. ऐसे में वे अगले एक-दो दिन के दौरान अमरावती आकर खुद पुलिस के सामने पहुंचते हुए अपनी गिरफ्तारी देंगे और फिर अदालत से जमानत लेने के बाद इस मामले से जुडे असली राज को उजागर करेंगे.
गत रोज अचलपुर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक प्रवीण तायडे द्वारा एक ऑडियो क्लिप के आधार पर चांदुर बाजार पुलिस थाने में पूर्व मंत्री बच्चू कडू व उनके कुछ सहयोगियों के खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज कराया गया, साथ ही आज उसी मामले को लेकर पत्रवार्ता बुलाते हुए पूर्व मंत्री बच्चू कडू के खिलाफ बेहद सनसनीखेज आरोप भी लगाए गए. जिसे देखते हुए दैनिक ‘अमरावती मंडल’ ने आज पूर्व मंत्री बच्चू कडू से टेलिफोनिक चर्चा करते हुए उनसे उनका पक्ष भी जानना चाहा, तो पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने बताया कि, दो माह पहले से तैयार एवं अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत वे इस समय माउंट एवरेस्ट के बेस कैम्प की यात्रा पर है. जहां से अगले एक-दो दिन में उनकी अमरावती वापसी होगी. जिसके बाद वे खुद अपने खिलाफ दर्ज अपराधिक मामले को लेकर चांदुर बाजार पुलिस थाने पहुंचकर अपनी गिरफ्तारी देंगे और अदालत से जमानत मिलने के बाद ही इस पूरे मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मामले से जुडे असली राज का पर्दाफाश करेंगे.
इस बातचीत में पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने विधायक प्रवीण तायडे की ओर से वायरल की गई ऑडियो क्लिप को पूरी तरह से फर्जी बताते हुए कहा कि, अव्वल तो उस ऑडियो क्लिप में उनकी अपनी आवाज नहीं है. साथ ही उस ऑडियो क्लिप में किसी भी व्यक्ति का नाम नहीं लिया गया है. लेकिन इसके बावजूद विधायक प्रवीण तायडे ने इसे अपने भाई की हत्या का षडयंत्र बताते हुए होहल्ला मचाना शुरु कर दिया. पूर्व मंत्री बच्चू कडू के मुताबिक यह सब एक बहुत बडे राजनीतिक षडयंत्र का हिस्सा है. जिसके तहत उन्हें यानि बच्चू कडू सहित प्रहार जनशक्ति पार्टी को घेरने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि प्रहार पार्टी के कार्यकर्ताओं के मनोबल को तोडा जा सके. इस तरह के प्रयास काफी पहले से किए जा रहे है और अब एक बहुत बडा षडयंत्र रचा गया है. जिसका खुलासा वे बहुत जल्द कर देंगे.
* सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के समर्थक भिडे
– सोशल मीडिया पर जमकर चल रही ‘कमेंट वॉर’
इसी बीच अब इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त हंगामा मचा हुआ है. जहां पर विधायक प्रवीण तायडे एवं पूर्व मंत्री बच्चू कडू के समर्थक एक-दूसरे से भिडते दिखाई दे रहे है और दोनों पक्षों के बीच जबरदस्त तरीके से ‘कमेंट वॉर’ चल रही है. जिसके तहत दोनों नेताओं के समर्थक एक-दूसरे पर जमकर कीचड उछालने का काम कर रहे है तथा दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी काफी तेज है.





