मानवता पर कलंक!
पुसद में युवक को नग्न कर अमानवीय पिटाई, इलाज के दौरान मौत

यवतमाल /दि.6- मानवता को शर्मसार कर देने वाली और रोंगटे खड़े कर देने वाली एक आक्रोशजनक घटना यवतमाल जिले के पुसद तालुका के काकडदाती में घटी है. एक 40 वर्षीय युवक को सार्वजनिक जगह पर नग्न कर, उसके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटा गया. इस अमानवीय कृत्य में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस घटना से पूरे जिले में तीव्र आक्रोश व्यक्त किया जा रहा है.
* आखिर घटना क्या है?
मिली जानकारी के अनुसार, सखाराम हुलकाने (40, निवासी श्रीरामपुर) मृतक का नाम है. 1 अप्रैल को सुबह करीब साढ़े दस बजे काकडदाती के कृष्ण मंदिर के पास यह सनसनीखेज घटना हुई. सखाराम को विठ्ठल भाकरे के घर के सामने लाया गया. वहां मौजूद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया.
* कपड़े उतारकर पिटाई
आरोपियों ने सखाराम के शरीर से कपड़े उतारकर उसे पूरी तरह नग्न कर दिया. इतना ही नहीं, उसके हाथ और पैर रस्सी से कसकर बांध दिए ताकि वह अपना बचाव न कर सके. इसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसों और अन्य चीजों से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. सखाराम दर्द से तड़प रहा था, मदद की गुहार लगा रहा था, लेकिन आरोप है कि आरोपी उसे तब तक पीटते रहे जब तक वह बेहोश होकर गिर नहीं पड़ा.
* भीड़ तमाशबीन बनी रही
चौंकाने वाली बात यह है कि जब सखाराम को बीच चौक में नग्न कर पीटा जा रहा था, तब वहां लोगों की भीड़ जमा थी. लेकिन किसी ने भी उसे बचाने की कोशिश नहीं की. आरोपी तब तक मारते रहे जब तक वह निढाल नहीं हो गया.
* मौत से जंग हार गया
सखाराम के चचेरे भाई शिवानंद को घटना की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचा. उसने सखाराम को कपड़े पहनाकर घर लाया. लेकिन पिटाई इतनी भयानक थी कि उसकी हालत बिगड़ती गई. उसे तुरंत पुसद के एक निजी अस्पताल में और बाद में गंभीर हालत में नांदेड के विष्णुपुरी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. दुर्भाग्य से शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे उसकी मौत हो गई.
* पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
इस मामले में शिवानंद हुलकाने की शिकायत पर पुसद शहर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम विठ्ठलराव भाकरे, वैभव विठ्ठल भाकरे, प्रशांत कुमार उर्फ पवन भाकरे और योगेश उत्तम भाकरे हैं.
* मामले का रहस्य बरकरार
इतनी क्रूरता से युवक को नग्न कर मारने के पीछे आखिर वजह क्या थी? क्या पुरानी दुश्मनी थी या कोई अन्य कारण? इसका रहस्य अभी भी बना हुआ है. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है. मृतक के परिजनों ने सभी आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है.





