गुस्से में पति ने ही पत्नी को उतारा मौत के घाट
अकोला में अधजले शव का रहस्य उजागर

अकोला/दि.9- जीवनभर साथ देने का वचन देकर जिसे अपना जीवनसाथी बनाया, उसी जीवनसाथी की हत्या कर देने की घटना अकोला में उजागर हुई है. डाबकी रोड थाना क्षेत्र के अन्नपुर्ण माता परिसर में विरान स्थल पर बरामद एक महिला के अधजले शव का रहस्य पुलिस ने कुछ ही घंटों में उजागर कर दिया. चरित्र पर संदेह के चलते विवाद में पति ने ही अपनी पत्नी की हत्या करने की कबूली दी है. आरोपी ने खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.
सोमवार 6 अप्रैल को डाबकी रोड परिसर के एक विरान स्थल के लेआउट में एक अनजान महिला की अधजली लाश बरामद हुई थी. मृतक की पहचान न होने के मकसद से महिला का चेहरा बुरी तरह जला दिया गया था. इस भीषण घटना के कारण अकोला जिले में हडकंप मच गया था. घटना की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक ने तत्काल जांच के आदेश दिये थे. पुलिस की जांच शुरु रहते मंगलवार को संदिग्ध आरोपी वाशिम जिले के नांदखेडा ग्राम निवासी सादीक शहा तसरिफ शहा (29) ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर हत्या की कबूली दी. उसके द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक सादीक और मृतक रविना मोहन पवार (24) का प्रेम विवाह हुआ था. रविना का यह दूसरा विवाह था. शुरुआत में दोनों का संसार अच्छी तरह से चल रहा था. लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद होने लगे. घटनावाले दिन दोनों पति-पत्नी के बीच जोरदार विवाद हुआ और संतप्त होकर सादिक ने अपनी पत्नी रविना की हत्या कर दी. हत्या के बाद सबूत नष्ट करने के इरादे से उसने शव जलाने का प्रयास किया. लेकिन घटना को अंजाम देने के बाद पस्तावा होने पर उसने खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर लिया. यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, अपर पुलिस अधीक्षक बी. चंद्रकांत रेड्डी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन पाटिल के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक दीपक कोली, शंकर शेलके के दल ने की.





