जिनिंग फैक्टरी में भीषण आग से 1300 क्विंटल कपास जलकर खाक

वर्धा /दि.10– समीपस्थ देवली स्थित श्रीकृष्ण जिनिंग एंड प्रेसिंग फैक्टरी में विगत बुधवार 6 अप्रैल को दोपहर 2.30 बजे के आसपास भयानक आग लगी. जिसके चलते फैक्टरी के शेड में रखे 1300 क्विंटल कपास का ढेर जलकर खाक हो गया. इस आग की ओर समय रहते ध्यान चले जाने की वजह से संभावित नुकसान टल गया. यह फैक्टरी महेश अग्रवाल की है. जहां पर संजय इंडस्ट्रीज के मालिक नेमचंद घिया द्वारा खरीदी गई कपास रखी गई थी.
बाजार समिति में नीलामी के जरिए खरीदी गई कपास पर श्रीकृष्ण फैक्टरी में जिनिंग व प्रेसिंग की प्रक्रिया की जा रही थी. इसी बीच फैक्टरी के शेड में रखे 1300 क्विंटल कपास के ढेर में आग लग गई और देखते ही देखते पूरा कपास जलकर खाक हो गया. इस ओर ध्यान जाते ही जिनिंग फैक्टरी में उपलब्ध पानी की व्यवस्था को कार्यान्वित किया गया. साथ ही देवली नगर परिषद के अग्निशमन दल को बुलाते हुए आग पर काबू पाया गया. घटना के समय हवा की रफ्तार काफी अधिक रहने तथा आसपास ही बडे पैमाने पर कपास के ढेर रहने की वजह से आग पर काबू पाना काफी मुश्किल साबित हो रहा था. परंतु देवली नगरपंचायत के दमकल दस्ते ने कडी मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पाया. जिसके बाद देवली पुलिस ने पंचनामा करते हुए आग से हुए नुकसान की समीक्षा की.





