अल्पसंख्याक आयोग की टीम पहुंची परतवाडा
एसआईटी प्रमुख शुभमकुमार व जांच अधिकारी पीआई सुरेश म्हस्के के साथ बंदद्वार चर्चा

* आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान के ओएसडी मुश्ताक पठान के नेतृत्व में आई है 9 सदस्यीय टीम
* टीम में तीन महिला अधिकारियों का भी समावेश, बैठक में हुई चर्चा का ब्यौरा मिलना बाकी
परतवाडा/दि.17– इस समय पूरे राज्य में सनसनी मचा देनेवाले परतवाडा के यौन शोषण व वायरल वीडियो मामले की गंभीरता को देखते हुए आज राज्य अल्पसंख्यक आयोग की 9 सदस्यीय टीम जुडवां शहर के दौरे पर पहुंची तथा आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान के ओएसडी मुश्ताक पठान के नेतृत्व वाले इस दल ने एसआईटी प्रमुख डॉ. शुभमकुमार एवं जांच अधिकारी पीआई सुरेश म्हस्के से बंदद्वार चर्चा करते हुए मामले से जुडी जानकारी हासिल की. समाचार लिखे जाने तक अल्पसंख्यक आयोग की टीम के साथ पुलिस अधिकारियों की हुई चर्चा का विस्तृत ब्यौरा हासिल नहीं हो सका था.
जानकारी के मुताबिक राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्यारे खान के निर्देश पर उनके ओएसडी मुश्ताक पठान के नेतृत्व में आयोग का 9 सदस्यीय दल इस मामले की जानकारी मिलते ही परतवाडा पहुंचा. इस दल में तीन महिला अधिकारियों का भी समावेश है. अल्पसंख्यक आयोग की टीम ने परतवाडा पहुंचते ही परतवाडा पुलिस थाना परिसर में बनाए गए एसआईटी के अस्थायी कार्यालय में पहुंचकर एसआईटी के अधिकारियों के साथ बातचीत की और इस पूरे मामले को लेकर जानकारी हासिल की. इस मामले से जुडे तथ्यों के बारे में जानने के साथ-साथ आयोग की टीम ने एसआईटी द्वारा अब तक इस मामले में की गई गिरफ्तारियों एवं कार्रवाई के संदर्भ में भी जानकारी हासिल की. समाचार लिखे जाने तक आयोग की टीम परतवाडा पुलिस थाने में जमी हुई थी और 9 सदस्यीय टीम द्वारा एसआईटी के अधिकारियों के साथ चर्चा जारी थी. जिसका अधिकारिक ब्यौरा समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आया था.





