तैरने का मोह पडा भारी, गड्ढे में भरे पानी में डूबने से चार बच्चों की मौत
नांदेड में दर्दनाक हादसा, पूरे शहर में शोक की लहर

नांदेड/दि.16 – नांदेड शहर में आज एक बेहद हृदयविदारक घटना घटित हुई, जब गड्ढे में भरे पानी में डूबने से चार स्कूली बच्चों की मौत हो गई. इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है. यह घटना देगलूर नाका क्षेत्र के इस्लामपुरा स्थित हारूनबाग इलाके में सुबह करीब 11 बजे घटी. मृतकों की पहचान मोहम्मद अली (13), मोहम्मद फुरखान (18), मोहम्मद अदनान (8) और मोहम्मद रेहान (11) के रूप में हुई है. इनमें से तीन बच्चे एक ही परिवार के थे, जबकि दो सगे भाई बताए जा रहे हैं.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित स्थान पर नाले का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके लिए 10 से 15 फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था. फिलहाल काम बंद होने के कारण उस गड्ढे में पानी भर गया था. गुरुवार सुबह चारों बच्चे खेलते-खेलते वहां पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए. बताया जा रहा है कि गड्ढे में अधिक गाद (कीचड़) होने और गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण चारों बच्चे उसमें फंस गए और डूब गए. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय युवकों ने पानी में उतरकर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.
सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और मोटर पंप की मदद से पानी बाहर निकाला गया. घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. इस बीच, नगर निगम के अधिकारियों और पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है. यह गड्ढा किसके द्वारा खोदा गया और सुरक्षा उपाय क्यों नहीं किए गए, इसकी जांच शुरू कर दी गई है. इस दुखद घटना ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर सुरक्षा के अभाव और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.





