सराफा सूना-सूना, आधे बंगाली स्वर्णकार गए वोट डालने

पश्चिम बंगाल के प्रतिष्ठापूर्ण विधानसभा चुनाव

* टेलरिंग कारीगर भी जा रहे मतदान के लिए
अमरावती/ दि.22- पश्चिम बंगाल का विधानसभा चुनाव न भूतो न भविष्यति प्रतिष्ठापूर्ण बना हुआ है. देशभर से बंगाली मजदूर , विविध क्षेत्र के कारीगर, सॉफ्टवेअर इंजिनियर, अन्य इंजीनियर और प्रोफेशनल्स खास तौर से वोट डालने के लिए पश्चिम बंगाल अपने गांव जिला जा रहे हैं. अमरावती से भी हजारों कपडा कारीगर, सोना कारीगर और उनके परिजन बंगाल रवाना हो चुके हैं. सराफा बाजार में आधे बंगाली स्वर्णकार वोट डालने जाने से एन वैवाहिक सीजन में मार्केट सुनसान लग रहा हैं. उधर मसानगंज, मोरबाग के लैगिंग, प्लाजो और फ्रॉक कारखानों के बंगाली दर्जी भी काफी संख्या में बंगाल जा रहे हैं.उनका एक ही मकसद हैं अपने मताधिकार का प्रयोग.
वोटिंग को लेकर जागरूकता
निश्चित ही लोकतंत्र को कायम रखने, मजबूत करने के लिए वोटर्स का जागरूक होना अच्छी निशानी हैं. ऐसे में सुदूर विदर्भ से बंगाल के अपने मूल ग्राम जाकर वोट देने की भावना निश्चित ही सराहनीय कहीं जा सकती हैं. उसमें भी पैसे खर्च कर ट्रेन, बस, मिले उस साधन से मताधिकार का प्रयोग करने जाने की उत्सुकता यहां देखी जा रही हैं. अनेक कारीगर रविवार को ही अपने पैतृक गांव प्रस्थान कर चुके हैं.
कल वोटिंग, आज पहुंचेगे
अमरावती से रवाना हुए विश्वजीत गुछाई ने बताया कि वे आज अपने ग्राम पहुंच जाएंगे. गीतांजलि एक्सप्रेस में उनके साथ लगभग 200-250 कारीगर खास मतदान के लिए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि कल 23 अप्रैल को उनके क्षेत्र में विधानसभा की वोटिंग हैं. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों की पार्टियों भाजपा और तृणमूल में तगडा मुकाबला लगता है. इधर अमरावती में बस चुके हिमांशु बैनर्जी ने अमरावती मंडल से चर्चा में बताया कि यहां से हजारों लोग खास वोट डालने जा रहे हैं. अधिकांश पहुंच गए हैं. कुछ आज शाम तक पहुंच जाएंगे. उन्होंने बताया कि हुगली और अन्य क्षेत्र में 29 अप्रैल को मतदान होना हैं. वहां के मूल निवासी कारीगर 25-26 को अमरावती से रवाना होंगे. तब तक 23 अप्रैल के वोटिंग कर लौट आने की संभावना हैं. शादियों का सीजन चल रहा हैं. ऐसे में निश्चित ही अपने राष्ट्रीय कर्तव्य को निभाकर कारीगर, प्रोफेशनल्स काम पर लौट आएंगे.
गांव का विकास जरूरी
विश्वजीत गुछाई ने अमरावती मंडल से चर्चा में बताया कि वे सराफा में आभूषण गढने का काम करते हैं. उनके साथ अन्य काफी लोग भी विशेष तौर पर वोट डालने के वास्ते गांव जा रहे हैं. उन्होंने दो टूक कहा कि गांव का विकास जरूरी मुद्दा हैं. गुछाई ने बताया कि दूसरे चरण के मतदान के लिए अन्य कारीगर और बंधू 25-26 अप्रैल को रवाना होंगे. जबकि विश्वजीत गुछाई और उनके साथियों ने 25-26 को अमरावती लौटने का नियोजन कर रखा हैं. यहां आभूषणों की पेडिंग ऑर्डर पूरी करनी हैं.

Back to top button