नाबालिग का अपहरण कर जिप स्कूल में रेप

मूंह बांधकर कमरे में रखा कैद

* पुलिस कर रही आरोपी की सरगर्मी से खोज
गोंदिया/दि.23 – इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक चौंकाने वाली घटना तिरोडा तालुका में सामने आई है. शादी के लिए इनकार करने के गुस्से में एक दरिंदे ने गांव की ही एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके साथ बलात्कार किया. इतना ही नहीं, पीड़िता के हाथ-पैर और मुंह बांधकर उसे जिला परिषद स्कूल के एक कमरे में बंद करके रखने की सनसनीखेज घटना बुधवार (22 अप्रैल) को सामने आई है. इस घटना से तिरोडा तालुका में हड़कंप मच गया है. दवनीवाडा पुलिस ने आरोपी सुमित देवानंद ऊईके (21) के खिलाफ ‘पोक्सो’ सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
तिरोडा तालुका की नाबालिग पीड़ित लड़की और आरोपी सुमित ऊईके एक ही गांव के निवासी हैं और पिछले दो साल से एक-दूसरे को जानते थे. तीन महीने पहले आरोपी ने पीड़िता की इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए थे. इसके बाद भी आरोपी का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ. घटना के दिन आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाया और उसका अपहरण कर लिया. वह उसे गांव के जिला परिषद प्राथमिक स्कूल के एक कमरे में ले गया.
* लड़की से कहा, ’…नहीं तो जान से मार दूंगा’
वहां ‘मुझसे शादी कर, नहीं तो तुझे जान से मार दूंगा’ ऐसी धमकी देकर शादी के लिए दबाव डाला. पीड़िता ने साफ इनकार किया तो आरोपी ने क्रूरता की हद पार कर दी. उसने पीड़िता का मुंह, हाथ और पैर दुपट्टे से कसकर बांध दिए और उसे उसी कमरे में बंद कर खुद वहां से फरार हो गया. अगले दिन जब स्कूल खोला गया तो यह घटना सामने आई. इस घटना से तालुका में सनसनी फैल गई है और लड़कियों की सुरक्षा का मुद्दा सामने आ गया है.
* आरोपी फरार, टीमें कर रही हैं तलाश
दवनीवाडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 137(2), 142, 64(1), 351(2) और पोक्सो कानून की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया है. स्कूल जैसे पवित्र स्थान पर हुई इस घटना से नागरिकों में भारी आक्रोश है. पुलिस निरीक्षक वैशाली ढाले ने फरार आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

Back to top button