मराठी भाषी उद्योजकों को अब मिलेगा एक नया व सशक्त प्लेटफॉर्म

शहर में सैटरडे क्लब ग्लोबल ट्रस्ट का चैप्टर हुआ शुरु

* शहर में पहली बार ट्रस्ट की शाखा की स्थापना व शुभारंभ
अमरावती/दि.24 – मराठी भाषी उद्योजकों व व्यवसायियों द्वारा एक-दूसरे से परिचित होते हुए एक-दूसरे को सहायता करते हुए सामूहिक रुप से आर्थिक उन्नती की राह पर आगे बढने के उद्देश्य को सामने रखते हुए पुणे निवासी स्व. माधवराव भिडे द्वारा 25 वर्ष पहले सन 2000 में स्थापित सैटरडे क्लब ग्लोबल ट्रस्ट की शाखा अमरावती शहर में पहली बार स्थापित की गई है और ट्रस्ट की अमरावती शाखा का आज समारोहपूर्वक शुभारंभ भी किया गया. जिसमें अमरावती शहर सहित जिले के महाराष्ट्रीयन उद्योजकों द्वारा बडी संख्या में उपस्थिति दर्ज कराई गई. जिसके चलते अब अमरावती शहर सहित जिले में रहनेवाले महाराष्ट्रीयन उद्योजकों के पास अपनी व्यवसायिक व आर्थिक उन्नती के लिए एक नया व सशक्त प्लेटफॉर्म उपलब्ध हो गया है.
आज शुक्रवार 24 अप्रैल की दोपहर 3 बजे स्थानीय बडनेरा रोड स्थित होटल पाइंट मानसरोवर में आयोजित शानदार कार्यक्रम के जरिए सैटरडे क्लब ग्लोबल ट्रस्ट के अमरावती चैप्टर की स्थापना एवं शुभारंभ किया गया. इस अवसर मुंबई में संस्था के प्रमुख पदाधिकारी ट्रस्टी संशोधन दिवेकर, डेप्युटी सेके्रटरी जनरल अमोल पिंपलेकर, आईटी इम्लीमेंटशन हेड सुभाष गौरे, एससीजीटी ट्रेनर किरण टिल्लू, विदर्भ रीजन हेड बागेश महाजन, नागपुर चैप्टर चेयरमेन आनंद देव तथा सचिव प्रवीण झाडगांवकर तथा अमरावती को-ऑर्डिनेटर निखिल जोशी बतौर प्रमुख अतिथि उपस्थित थे.
इस आयोजन के दौरान ट्रस्ट के अमरावती चैप्टर के शुभारंभ की घोषणा करने के साथ ही अमरावती चैप्टर की नई कार्यकारिणी भी घोषित की गई. जिसमें शहर के प्रसिध्द उद्यमी राजेश लोखंडे को अध्यक्ष, कांतिकुमार चौधरी को सचिव तथा हर्षल वानखडे को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया. इसके साथ कोर टीम में राजेंद्र पेलागडे, स्वप्निल वैद्य, अमोल चवणे, आशीष गताडे, अनुपम चवाट की नियुक्ति की गई.
इसके अलावा इस कार्यक्रम के दौरान व्यवसायिक विकास को लेकर विशेष मेंबरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम भी आयोजित किया गया. जिसमें व्यवसाय करते समय किन महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना चाहिए. प्रभावी क्लाइंट्स कैसे प्राप्त करें. उन्हें क्लाइंट से फाइनेंशियल में कैसे परिवर्तित करे तथा व्यवसाय वृध्दि के उपायों पर मार्गदर्शन किया गया. यह प्रशिक्षण कार्यक्रम किरण टिल्लू (मुंबई) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ.
* हर महिने दो शनिवार को होती है क्लब की मीटिंग, सदस्यों की समस्याओं पर किया जाता है मंथन
सैटरडे क्लब ग्लोबल ट्रस्ट के नागपुर चैप्टर के सचिव प्रवीण झाडगांवकर तथा अमरावती चैप्टर के नवनियुक्त अध्यक्ष राजेश लोखंडे ने दैनिक अमरावती मंडल के साथ बातचीत में बताया कि, इस ट्रस्ट की देश सहित वैश्विक स्तर पर 175 से अधिक शाखाएं कार्यरत है. जिसके जरिए 7 हजार से अधिक महाराष्ट्रीयन उद्योजक व व्यवसायी एक-दूसरे के साथ जुडे हुए है. क्लब का ब्रिदवाक्य एक-दूसरे की सहायता करते हुए आर्थिक उन्नती की राह पर अग्रसर होना है. जिसे हकीकत में साकार करने हेतु क्लब के सभी सदस्यों द्वारा एक-दूसरे को मदद करते हुए एक-दूसरे के व्यवसाय को आगे बढाने का प्रयास किया जाता है. इसके साथ ही इन दोनों पदाधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि, यह ट्रस्ट एक गैर लाभकारी संस्था है. जिसका अपने ही सदस्यों के जरिए लगभग 25 करोड के आसपास टर्नओवर भी है. संस्था के साथ 10 लाख रुपए से लेकर 10-15 करोड रुपए सालाना टर्नओवर वाले मराठी भाषिक उद्योजक जुडे हुए है.
* जाति-धर्म का कोई बंधन नहीं, केवल मराठी भाषा आना जरुरी
सैटरडे क्लब ग्लोबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि, यह ट्रस्ट मराठी भाषी एवं महाराष्ट्रीयन उद्योजकों के लिए बनाया गया है. इसका सीमित अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए. पदाधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया गया कि, अगर कोई व्यक्ति किसी अन्य राज्य का मूल निवासी है और विगत कई वर्षों से महाराष्ट्र में रहते हुए अपना उद्योग या व्यवसाय कर रहा है, साथ ही मराठी भाषा को जानता-समझता है, तो ऐसे व्यक्ति को मराठी व महाराष्ट्रीय मानते हुए ट्रस्ट की सदस्यता प्रदान की जाती है. इसके अलावा देश के अन्य राज्यों सहित विदेशों में जाकर बसे महाराष्ट्र से वास्ता रखनेवाले उद्योजकों को भी इस ट्रस्ट में बतौर सदस्य शामिल किया जाता है. यही वजह है कि, 25 वर्ष पहले केवल पुणेरी उद्योजकों को साथ लाने के उद्देश्य से शुरु किया गया यह ट्रस्ट आज राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर जबरदस्त ढंग से काम कर रहा है.

Back to top button