हर प्रभाग में 27 सफाई कर्मी तैनात होंगे

स्थायी समिति के सख्त निर्देश

अमरावती/दि.25- शहर की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए मनपा की स्थायी समिति ने बडा निर्णय लिया हैं. अब हर प्रभाग में मनपा के 27 सफाई कर्मचारी तैनात किए जाएंगे, जो कोणार्क इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी के कर्मचारियों के साथ मिलकर आंतरिक सडकों और डिवासईडरों की सफाई सुनिश्चित करेंगे. शुक्रवार को सुदाम काका देशमुख सभागृह में हुई स्थायी समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया. बैठक में पार्षद प्रशांत वानखडे ने वार्ड स्तर पर सफाई की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया, जिसके बाद इस पर विस्तृत चर्चा हुई. स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर ने बताया कि मनपा के पास कुल 703 सफाई कर्मचारी हैैं. जिसमें 43 स्वास्थ्य निरीक्षक और 64 बीट प्यून शामिल हैं. इनको छोडकर शेष 596 कर्मचारियों को 22 प्रभागों में बांटा जाएगा. इस आधार पर प्रत्येक प्रभाग में औसतन 27 कर्मचारियों की तैनाती होगी, हालांकि प्रभाग के आकार के अनुसार संख्या में थोडा बहुत बदलाव किया जा सकता हैं. ये कर्मचारी कोणार्क कंपनी के स्टाफ से अलग केवल आंतरिक सडकों की सफाई पर ध्यान देंगे.

Back to top button