54 गांवों में गहराया जल संकट, मेलघाट में टैंकरों से सप्लाई

जिले की 10 तहसीलों में पानी के लिए हाहाकार

अमरावती/दि.27- अप्रैल खत्म होते ही जिले में पानी की कमी गंभीर रूप लेती जा रही है. करीब 54 गांव जल संकट से जूझ रहे हैं. खासकर मेलघाट क्षेत्र में हालात ज्यादा चिंताजनक हैं, जहां पानी की आपूर्ति के लिए प्रशासन को टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.
चिखलदरा तहसील के 14 गांव-मोथा, खादीमल, गौलखेड़ा बाजार, बहादरपुर, आकी, मेहारियाम, अलाडोह और लावड़ा समेत कई गांवों में पानी की भारी किल्लत है. यहां 19 टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाया जा रहा है. ‘जल जीवन मिशन’ के तहत 70% से अधिक काम पूरा होने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल पाई है. स्थिति को संभालने के लिए प्रशासन ने 30 निजी कुओं और 23 बोरवेल का अधिग्रहण करने का फैसला लिया है. नांदगांव खंडेश्वर तहसील में 7 और चांदूर रेलवे में 5 कुओं का अधिग्रहण किया जा चुका है. जिले के 10 तहसीलों में जल संकट की स्थिति बनी हुई है. अंजनगांव सुर्जी और मोर्शी में भी पानी की कमी महसूस की जा रही है, जहां अस्थायी उपाय किए जा रहे हैं.
हालांकि, धामणगांव रेलवे, चांदूर बाजार, दर्यापुर और धारणी तहसील में अभी तक टैंकर या कुओं के अधिग्रहण की जरूरत नहीं पड़ी है, लेकिन प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है. प्रशासन का कहना है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए आने वाले दिनों में पानी की मांग और बढ़ सकती है, इसलिए वैकल्पिक स्रोतों की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है.

Back to top button