नागपुर-अहमदाबाद समेत तीन ट्रेनों में लगेंगे एलएचबी कोच
जून से नए रूप में दौड़ेंगी ट्रेन

अमरावती /दि.28- रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. यात्राओं को अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनाने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने नागपुर और मुंबई से चलने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों में पारंपरिक कोच की जगह आधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) कोच लगाने का निर्णय लिया है. यह बदलाव जून 2026 से लागू होगा.
* किन ट्रेनों में होगा बदलाव?
– नागपुर-अहमदाबाद-नागपुर एक्सप्रेस (22137/22138)
– 17 जून से नागपुर से और 18 जून से अहमदाबाद से एलएचबी कोच के साथ चलेगी.
– नागपुर-जयपुर-नागपुर एक्सप्रेस (22175/22176)
– 18 जून से नागपुर से और 19 जून से जयपुर से नए कोच के साथ संचालन होगा.
– सीएसएमटी-बल्लारशाह-सीएसएमटी एक्सप्रेस (11001/11002)
– 15 जून से मुंबई से और 17 जून से बल्लारशाह से एलएचबी कोच के साथ चलेगी.
* कोच संरचना में बदलाव
– सीएसएमटी-बल्लारशाह एक्सप्रेस में कुल 16 एलएचबी कोच होंगे, जिनमें फर्स्ट क्लास-1, एसी-2 टीयर-1, 3 एसी 3-टीयर, 5 स्लीपर, 4 जनरल कोच, 1 जनरेटर कार और 1 गार्ड वैन शामिल रहेंगे.
– वहीं नागपुर-अहमदाबाद और नागपुर-जयपुर एक्सप्रेस में कुल 21 कोच होंगे, जिनमें 2 एसी-2 टियर, 7 एसी-3 टियर, 6 स्लीपर क्लास, 4 जनरल सेकंड क्लास, 1 जनरेटर कार, 1 एसएलआर (गार्ड कोच) शामिल रहेगा.
* एलएचबी कोच के फायदे
– एलएचबी कोच पारंपरिक डिब्बों की तुलना में अधिक सुरक्षित और आरामदायक माने जाते हैं. इनमें कंपन (वाइब्रेशन) कम होता है और ये स्टेनलेस स्टील से बने होते हैं, जिससे इनकी मजबूती बढ़ जाती है.
– सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दुर्घटना की स्थिति में ये कोच एक-दूसरे पर चढ़ते नहीं हैं, जिससे यात्रियों की जान का जोखिम काफी कम हो जाता है. इसके अलावा ये कोच तेज रफ्तार के लिए भी उपयुक्त हैं. रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को आने वाले समय में बेहतर और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा.





