46डिग्री सेल्सियस तापमान में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था
अर्जुन नगर परिसर के नागरिकों की सराहनीय पहल

अमरावती/दि.29- भीषण गर्मी के बीच जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं अर्जुन नगर के नागरिकों ने इंसानियत के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की है.
संत गाडगे बाबा उद्यान में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह पानवठे (पानी के पात्र) रखकर पक्षियों के लिए पानी उपलब्ध कराया. इस उद्यान में करीब 200 वृक्षों का संरक्षण किया गया है, जिसके कारण यहां बड़ी संख्या में विभिन्न पक्षियों का वास है और उनकी चहचहाहट से वातावरण जीवंत रहता है. इस पहल में पूर्व जिला परिषद सदस्य नितीन हटवार ने विशेष योगदान देते हुए अपने खर्च से पानवठे उपलब्ध कराए. इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने मिलकर पूरे उद्यान और आसपास के क्षेत्र में पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की. इस दौरान नगरसेवक गुड्डू धर्माले, रमेश कालमेघ, नरेंद्र धर्माले, नानासाहेब बोंडे, संजयराव ढोरे, संतोष मालदोरे, किशोर गायधने, रामकृष्ण भडके, मल्लू सर, संजय बहुरूपी और प्रा. भालचंद्र मावले सहित मॉर्निंग वॉक करने वाले कई नागरिक उपस्थित रहे. पानवठों में नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी रामकृष्ण भडके और मल्लिकार्जुन मल्लू ने संभाली है, जो इस पहल की खास बात है. इस नेक कार्य की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है और यह पहल दूसरों के लिए भी प्रेरणादायक बन रही है.





