पीडीएमसी प्रभाग में मूलभूत सुविधाओं का अभाव

नगरसेविका सुरेखा लुंगारे द्बारा नागरिकों को जल्द राहत का आश्वासन

अमरावती/दि.29-सातबंगला परिसर अंतर्गत आने वाले प्रतीक नगर और दत्तवाड़ी क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से नागरिक मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं. यहां रहने वाले लोगों को सड़क, नाली और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं आज तक उपलब्ध नहीं हो सकी हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
नागरिकों की मांग पर नगरसेविका सुरेखा लुंगारे ने मंगलवार 28 अप्रैल को क्षेत्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने संबंधित क्षेत्र के नक्शे का भी अवलोकन किया और समस्याओं को गंभीरता से सुना. निरीक्षण के बाद उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले कुछ दिनों में सड़क, नाली निर्माण के साथ-साथ ओपन स्पेस में चेन लिंक और फेंसिंग का कार्य मंजूर कराया जाएगा. करीब 15 से 20 वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से वंचित नागरिकों ने इस पहल के लिए नगरसेविका का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही उनके क्षेत्र की समस्याओं का समाधान होगा.

Back to top button