कक्षा 12 वीं का महाराष्ट्र बोर्ड परीक्षाफल घोषित, राज्य का रिजल्ट 89.79
अमरावती बोर्ड में 90.92 प्रतिशत विद्यार्थी सफल

* पिछले वर्ष की तुलना में 2 फीसद की गिरावट
* राज्य में 94 प्रतिशत के साथ कोंकण विभाग अव्वल
* वाणिज्य और विज्ञान संकाय के बेहतर नतीजे
* लडकियां रही लडकों से काफी आगे, रिजल्ट 6 प्रतिशत बेहतर
* 26 विषयों का नतीजा शत-प्रतिशत
अमरावती/दि.2 – महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12 वीं की फरवरी-मार्च में ली गई एग्जाम का परीक्षा फल आज दोपहर 1 बजे जाहीर किया गया. कोंकण संभाग ने 94.14 प्रतिशत के साथ सर्वप्रथम स्थान पाया. वहीं पुणे संभाग का रिजल्ट 91.25 और अमरावती का परीक्षाफल 90.92 प्रतिशत रहा. प्रदेश में कुल 14 लाख 33 हजार छात्र-छात्राएं परीक्षा में बैठे थे. उनमें से 12 लाख 86 हजार 843 उत्तीर्ण हुए. पुन: लडकियों ने बाजी मार ली. लडकों के मुकाबले 6 प्रतिशत लडकियां अधिक उत्तीर्ण हुई है. 6 लाख 74 हजार लडकियां परीक्षा में बैठी थी. 6 लाख 28 हजार 699 लडकियां कक्षा 12 वीं की महत्वपूर्ण परीक्षा पास कर गई.
* विज्ञान संकाय सर्वश्रेष्ठ, वाणिज्य भी पीछे-पीछे
उल्लेखनीय है कि, हमेशा की तरह विज्ञान संकाय का नतीजा सर्वश्रेष्ठ रहा. 96.44 प्रतिशत छात्र-छात्राएं विज्ञान संकाय से उत्तीर्ण रहे. वहीं कला में 78, वाणिज्य में 87 और वोकेशनल कोर्स में 82.74 और आईटीआई में लगभग 82 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए. बोर्ड अध्यक्ष डॉ. त्रिगुण कुलकर्णी ने पुणे मेें बोर्ड का राज्यव्यापी परीक्षाफल घोषित किया. उन्होंने मान्य किया कि, पिछले वर्ष की तुलना में रिजल्ट 2 प्रतिशत घटा है.
* अमरावती बोर्ड राज्य में तीसरा
अमरावती बोर्ड की सचिव प्रिया देशमुख ने कक्षा 12 वीं का परीक्षा फल घोषित करते हुए बताया कि, दो प्रतिशत के लगभग परीक्षाफल कम रहा है. 90.92 प्रतिशत के साथ अमरावती संभाग का परीक्षाफल राज्य में तीसरे क्रमांक पर रहा है. उन्होंने कहा कि, जिलाधीश और राजस्व महकमे के सहयोग से बनाए गये उडनदस्तों द्वारा चलाये गये कापीमुक्त अभियान सफल प्रतित हो रहा है. उन्होंने आंकडे देते हुए बताया कि, कुल 68844 छात्राएं परीक्षा में बैठी थी. जिसमें से 64681 अर्थात 93.95 छात्राएं उत्तीर्ण हुई. उसी प्रकार 78910 छात्र परीक्षा में बैठे थे. 69671 अर्थात 88.29 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए. स्पष्ट है कि, बेटियों ने बाजी मार ली.
* 37 विद्यार्थी नकल के दोषी
अमरावती बोर्ड की सचिव प्रिया देशमुख ने बताया कि, संभाग में कक्षा 12 वीं परीक्षा दौरान कॉपी के 706 केसेस पकडे गये. जिसमें से सर्वाधिक 672 प्रकरण वाशिम जिले के रहे. उसी प्रकार संपूर्ण जांच के बाद 37 विद्यार्थियों को नकल का दोषी पाया गया है. उनका संपादक वृत्त रद्द करने अर्थात संबंधित विषय में शून्य मार्क देने का प्रावधान है. अगली परीक्षा छोडकर उसकी अगली परीक्षा यह विद्यार्थी दे सकते हैं.
* अमरावती संभाग में बुलढाणा अव्वल
पत्रकार परिषद में सचिव प्रिया देशमुख के साथ ही वरिष्ठ अधीक्षक पोर्णिमा कन्नमवार और सहायक सचिव संगीता सालुंके भी मौजूद थी. अर्थात तीनों ही पदों पर महिलाएं रहने के साथ उन्होंने छात्राओं की नेत्रदीपक सफलता पर खुशी व्यक्त की. प्रिया देशमुख ने कहा कि, हाल के वर्षों के परंपरा कायम है. बेटियां अधिक प्रमाण में परीक्षा की वैतरनी पार कर रही है. उन्होंने बताया कि, अमरावती संभाग में 95.22 प्रतिशत रिजल्ट के साथ बुलढाणा अव्वल रहा. दूसरे क्रमांक पर 91.15 प्रतिशत के साथ वाशिम, तीसरे नंबर पर 90.14 प्रतिशत रिजल्ट के साथ अकोला और चौथे नंबर पर 89.69 प्रतिशत रिजल्ट के साथ यवतमाल रहा. अमरावती जिला 88.26 प्रतिशत के साथ अमरावती संभाग में पांचवे क्रमांक पर रहा.
* 59,902 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में
अमरावती संभाग की बात करें तो 19646 विद्यार्थियों ने प्रावीण्य प्राप्त किया है. वहीं 40162 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी हासिल की है. ऐसे में कह सकते हैं कि, आधे से अधिक छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी के साथ एग्जाम उत्तीर्ण कर रहे हैं. कुल 59902 छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन अंकों के साथ कक्षा 12 वीं की महत्वपूर्ण इम्तहान पास किया है. अब उनके लिए विविध शाखाओं में स्नातक बनने का मार्ग प्रशस्त हो गया है. उल्लेखनीय है कि, द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों का आंकडा 56272 रहा है.
* कोंकण अव्वल क्यों?
कोंकण संभाग ने 94 प्रतिशत रिजल्ट के साथ मुंबई, पुणे, नागपुर, नाशिक को काफी पीछे छोड दिया. इसमें गौर करने वाले बात यह है कि, कोंकण संभाग से 22888 विद्यार्थी परीक्षा में सहभागी हुए. जिसमें 21548 विद्यार्थी सफल रहे. अमरावती संभाग में अकेले वाशिम जिले में ही 21406 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे थे. जहां 91 प्रतिशत से अधिक रिजल्ट रहा. वहीं कुछ वर्षों पहले तक लातूर संभाग का नाम राज्य में अव्वल रहता था. अबकी बार वह घसरकर सबसे पीछे 9 वें नंबर पर चला गया. लातूर का परीक्षाफल 84 प्रतिशत रहा.
* बोर्ड निहाय परीक्षाफल
कोंकण 94.14
पुणे 91.25
अमरावती 90.92
नाशिक 90.72
मुंबई 90.08
कोल्हापुर 89.97
छत्रपति संभाजीनगर 88.68
नागपुर 88.67
लातूर 84.14





