महिला आयोग अध्यक्ष पद पर पूर्व आईपीएस मीरा बोरवणकर की नियुक्ति होगी?
अधिकृत घोषणा नहीं

* सख्त ऑफिसर के रुप में रही है पहचान
मुंबई /दि.5- राष्ट्रवादी की नेता रूपाली चाकणकर के इस्तीफा देने के बाद राज्य महिला आयोग का अध्यक्ष पद रिक्त है. अब इस पद पर पूर्व आईपीएस अधिकारी मीरा बोरवणकर की नियुक्ति होने की चर्चा है. राज्य में एक तरफ महिलाओं पर अत्याचार में बढ़ोतरी हो रही है, वहीं यह पद फिलहाल खाली है. इस पद पर रही रूपाली चाकणकर के इस्तीफे के बाद अभी तक किसी की नियुक्ति नहीं की गई है. इसी बीच अब इस पद पर पूर्व आईपीएस अधिकारी मीरा बोरवणकर के नाम की चर्चा शुरू होने की जानकारी सूत्रों ने दी है. इसलिए क्या राज्य महिला आयोग में एक सख्त और कर्तव्यनिष्ठ आईपीएस अधिकारी मीरा बोरवणकर आएंगी, इस पर सभी की नजर है.
राज्य महिला आयोग के पद पर पूर्व आईपीएस अधिकारी मीरा बोरवणकर की नियुक्ति होने की जानकारी सूत्रों ने दी है. मीरा बोरवणकर एक कर्तव्यनिष्ठ और सख्त महिला आईपीएस अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं. उनकी इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्ति होने की चर्चा है. राज्य महिला आयोग का पद कई दिनों से खाली है. राष्ट्रवादी की नेता रूपाली चाकणकर ने हाल ही में इस पद से इस्तीफा दिया है. भोंदू बाबा अशोक खरात के साथ उनकी फोटो सामने आने के बाद उन्होंने इस मामले में इस्तीफा दिया था.
* आधिकारिक पुष्टि नहीं
राज्य महिला आयोग के पद पर किसी पूर्व आईपीएस अधिकारी की नियुक्ति की जाए, ऐसी मांग सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया ने की थी. इसके बाद इस पर चर्चा शुरू थी और अब पूर्व आईपीएस अधिकारी मीरा बोरवणकर का नाम इस पद के लिए सामने आ रहा है, ऐसा सूत्रों का कहना है. हालांकि, इस संबंध में अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.