मादक पदार्थों के खिलाफ कडी मुहिम

नए एसपी निकेतन कदम का वादा

* युवाओं को नशे से बचाना लक्ष्य
* कोई भी गैरकानूनी काम नहीं चलेगा
अमरावती/दि.7 – नए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण निकेतन कदम ने आज स्पष्ट कहा कि, अमरावती जिले के देहाती भागों में नशीले पदार्थों का पूरा कारोबार नेस्तनाबूत करना है. कदम ने कहा कि, वे मादक पदार्थों से युवा पीढी को पूरी तरह बचाना चाहते है. यहीं लक्ष्य लेकर चल रहे हैं. उनके रहते अमरावती में नशे-पते का कारोबार बिल्कुल नहीं चलेगा. निकेतन कदम आज दोपहर अपने कार्यालय में ‘अमरावती मंडल’ के क्राइम संवाददाता शाहबाज खान से विशेष मुलाकात कर रहे थे. उन्होंने इस भेंट वार्ता में बताया कि, उनका प्रयास रहेगा कि, अमरावती को अपने कार्यकाल में कुछ ऐसा देकर जाऊं कि, यहां के कामकाज पर उसका असर पडे और बडे समय तक अमरावती के लोग उनकी कार्यशैली को याद रखे.
* मानवता का दुश्मन मादक पदार्थ
युवा एसपी निकेतन कदम ने बहुत स्पष्ट कहा कि, सबसे बडा काम और सपना मादक पदार्थों के खिलाफ कडा मोर्चा खोलना है. नशा और नशे की दवाएं मानवता की सबसे बडी दुश्मन बनी है. युवा पीढी को बर्बाद कर सकती है. इसलिए उनकी सबसे बडी और खास मुहिम नशीले पदार्थों के खिलाफ रहेगी. नशे के सभी तस्कर और व्यापारी सदैव अमरावती पुलिस की राडार पर होंगे. कडे एक्शन के संकेत अपने स्वर को कडा करते हुए एसपी निकेतन कदम ने दिए. उन्होंने इसके लिए युवा पीढी और पालकवर्ग में जनजागरुकता की भी तैयारी दर्शायी. उन्होंने कहा कि, अमरावती में प्रोबेशन अधिकारी के रुप में काम कर चुके हैं. यहां के कई भागों, गांवों की उन्हें जानकारी है. जिससे उनके नशामुक्त अमरावती ग्रामीण लक्ष्य को पूर्ण करने में सहायता मिलेगी.
* अवैध धंधे नहीं चलेंगे
नए एसपी निकेतन कदम ने पुन: स्पष्ट कर दिया कि, अमरावती गांव-देहात में किसी भी प्रकार के गैरकानूनी धंधे नहीं चलेंगे. उन्होंने सभी थानेदारों से अपने एरिया में अवैध धंधों पर पूर्ण रुप से अंकुश लगाने के निर्देश दिए है. उन्होंने बताया कि, अवैध धंधे पर कार्रवाई तो होगी ही, दोबारा वहां अवैध धंधा नहीं चलेगा, इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित थानेदार की होगी.
* अनेक थानो का निरीक्षण
अमरावती में प्रोबेशन अफसर के रुप में कार्य चुके आईपीएस अधिकारी निकेतन कदम ने बताया कि, काफी कुछ एरिया वे जानते हैं. यहां किस प्रकार कार्रवाई होती, इसकी भी उन्हें जानकारी है. पिछले सप्ताह एसपी पदसूत्र ग्रहण करने के बाद उन्होंने अचलपुर, परतवाडा सहित अनेक थानो का अवलोकन किया है. सभी थानेदारों को अवैध धंधों के विरुद्ध पूरी तरह से कडक रहने कहा है. एरिया में केवल अवैध धंधे पर एक्शन नहीं, तो उसे सदा के लिए बंद रखने कडी ताकीद दी है.
* गुंडे-बदमाशों को चेतावनी
एसपी कदम ने बताया कि, विभिन्न थानो का निरीक्षण करते हुए उन्होंने नामचीन बदमाशों को भी बुलाकर कडी ताकीद की है. उन्हें सुधर जाने, अवैध धंधे और गुंडागर्दी से बाज आने कहा गया है. अच्छे से समझा दिया गया है. पुलिस और इस फिल्ड की भाषा में समझा दिया गया है. हालांकि एसपी कदम कहते है कि, पुलिस के लिए यह रुटीन काम है. फिर भी गुंडे-बदमाशों पर लगाम कसना आवश्यक है. गैरकानूनी धंधे करने की किसी की हिम्मत नहीं होनी चाहिए. उन्होंने ‘अमरावती मंडल’ के माध्यम से भी असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है. अमरावती ग्रामीण उन्हें नशामुक्त, गुंडागर्दी मुक्त रखना है.

Back to top button