सायंस्कोर पर चल रहे उत्सव मेला में मर्डर से मची सनसनी

मेला संचालक अभिजित कर की चाकूबाजी में मौत

* दो पार्टनरों के बीच किसी बात को लेकर हुआ था झगडा
* सब्जी काटने के चाकू से किया गया था प्राणघातक हमला
* हमले में बूरी तरह घायल अभिजित कर ने इलाज के दौरान तोडा दम
* अजीज खान युसूफ खान को पुलिस ने तुरंत लिया हिरासत में
* पैसों के विवाद व पुराने रंजीश को लेकर चर्चाए तेज
अमरावती/दि.9- स्थानीय सायंस्कोर मैदान पर चल रहे उत्सव मेले के संचालक अभिजित कर पर विगत 7 मई की दोपहर उत्सव मेले में भागीदार रहनेवाले अजीज खान युसूफ खान ने किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान सब्जी काटनेवाले चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था. जिसमें बूरी तरह घायल हुए अभिजित कर को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां पर कल 8 मई को अभिजित कर की इलाज के दौरान मौत हो गई. इसके चलते कोतवाली पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत अपराध दर्ज करते हुए आरोपी अजीज खान युसूफ खान को गिरफ्तार कर लिया हैं.
इस संदर्भ में शिकायतकर्ता कमरेज आलम इकबाल (50, इकबालपुरा, रूडकी, उत्तराखंड) द्बारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया गया कि वे उत्सव मेले में झुला चलाने का काम करते है और गुरूवार 7 मई की दोपहर 1.30 बजे अपने मजदूरों के साथ मेले में मौजूद थे. उस वक्त लगभग सभी लोग मेला परिसर में बने छोटे- छोटे तंबुओं में भोजन कर रहे थे. तभी पास में स्थित मेला संचालक अभिजित कर के तंबु से गालीगलौच व झगडे की आवाज आनी शुरू हुई. जहां पहुंचने पर उन्होंने देखा की उस वक्त मेला संचालक अभीजित कर (54, कोलकाता, पश्चिम बंगाल ) के साथ उनका स्थानीय पाटर्नर अजीज खान युसूफ खान (38, रतनगंज अमरावती) के बीच किसी बात को लेकर झगडा हो रहा हैं. उस समय अजीज खान ने अश्लील गालीगलौच करते हुए अचानक ही पास में पडा सब्जी काटने का चाकू उठाकर अभिजित कर के पेट पर चाकू से सपासप वार किया. जिससे अभिजित कर के पेट से काफी खून बहने लगा. यह दृष्य देखते ही मौके पर मौजूद सभी लोग बीचबचाव करने हेतु दौडे. जिन्हें देखकर अजीज खान वहां से भाग निकला वही इस समय गंभीर रूप से घायल अजीज खान को तुरंत पास ही स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती किया गया.
इस घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की थी. लेकिन अगले दिन शाम के वक्त इलाज के दौरान अभिजित कर की मौत हो जाने के चलते इस मामले में हत्या की धाराएं जोडी गई और हत्या के अपराध में आरोपी अजीज खान को गिरफ्तार किया गया. इसके साथ ही अब इस मामले में अन्य संदिग्धों की भी भुमिका खंगाली जा रही हैं.
* पहले दिन से ही चल रही थी तनातनी
जानकारी के मुताबिक सायंस्कोर मैदान पर उत्सव मेले की शुरूआत से ही धमकियों एवं आपसी विवाद वाला माहौल बना हुआ था और कई बार आपसी तनातनी व दबाव डालनेवाली बाते भी सामने आई थी. गुरूवार 6 मई की घटना को इन्हीं सब बातों का परिणाम माना जा रहा हैं.
* घटना स्थल के आसपास नही लगा था कोई सीसीटीवी कैमरा
सबसे उल्लेखनीय बात यह सामने आई है कि सायंस्कोर मैदान में चल रहे उत्सव मेले में रोजाना हजारो लोगों की भीड पहुंचती हैं. जिसके चलते मेले में सुरक्षा व्यवस्था की लीहाज से चप्पे-चप्पे पर नजर रखने हेतु सीसीटीवी कैमरो का लगा रहना बेहद जरूरी हैं. परंतु इसके बावजूद घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ नहीं पाया गया. जबकि यह घटना मेला परिसर के भीतर घटित हुई हैं. ऐसे में मेला परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगते नजर आ रहे हैं.
* कोलकाता से अमरावती पहुंचा कर का परिवार
गुरूवार 7 मई को उत्सव मेला संचालक अभिजित कर पर जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही अभिजित कर की पत्नी और उनके दोनों बेटे शुक्रवार की दोपहर तक अमरावती पहुंच गए थे. जिसके कुछ ही देर बाद काम के समय अभिजित कर की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई. जिसके चलते पूरे परिवार पर दूखों का पहाड टूट पडा. अभिजित कर के परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष व सघन जांच करते हुए आरोपियों के खिलाफ कडी कार्रवाई करने की मांग उठाई हैं.
* मेले का ठेका व पैसो का विवाद मुख्य वजह
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सायंस्कोर मैदान में उत्सव मेला लगाने की पहली अनुमति कुंदन लाखीना (पुणे) को दी गई थी. जिसके बाद अगले महिने के लिए अमरावती निवासी रहीम खान नामक व्यक्ति को उत्सव मेला लगाने की अनुमति मिली थी. उत्सव मेले के शुरूआती आयोजकों में कुंदन लाखीना व उनकी पत्नी पारू लाखीना सहित अभिजित कर का समावेश था. वहीं बाद में उत्सव मेले के आयोजन हेतु रहीम खान के साथ समझौता हुआ था तथा आरोपी अजीज खान भी मेले में निवेश करते हुए आर्थिक लाभ ले रहा था. पता चला है कि इसी दौरान हिसाब किताब तथा पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद गहराने लगा. ऐसे में पुलिस अब सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही हैं. साथ ही इसमें अन्य लोगों की भुमिका को भी खंगाला जा रहा है.

Back to top button