सांसद श्रीकांत शिंदे इसी माह अमरावती में
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में शिवसैनिकों से सीधा संवाद

* प्रदेश के 22 जिलों का करेंगे दौरा
अमरावती/दि.11 – उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सुपुत्र और शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे इसी माह शिवसैनिकों से सीधा संवाद करने अमरावती आ रहे हैं. सांसद शिंदे प्रदेश के 22 जिलों में 100 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर आगामी शनिवार 16 मई से रवाना होंगे. अमरावती में 25 मई के बाद उनके दौरे और कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजन की संभावना शिवसेना पदाधिकारियों ने अमरावती मंडल से चर्चा में दी.
उल्लेखनीय है कि, शिवसेना का संगठन मजबूत करने के वास्ते उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे लगातार सक्रिय है. कई दलों के अनेक बडे नेताओं को शिवसेना में प्रवेश दिया गया है. अब विधानसभा क्षेत्र में पार्टी संगठन मजबूत करने उनके पुत्र सांसद श्रीकांत शिंदे स्वयं मैदान में उतर रहे हैं. वे अमरावती, नाशिक, अकोला, बीड, धुले, अहिल्या नगर में सभा-सम्मेलन लेंगे. अगले माह यवतमाल, चंद्रपुर, वाशिम, गढचिरोली, वर्धा, नांदेड, हिंगोली, जलगांव, नंदूरबार का सांसद शिंदे का दौरा रहेगा. तीसरे चरण में वे बुलढाणा, भंडारा, गोंदिया, नागपुर के दौरे पर आएंगे. कम से कम 60-70 विधानसभा क्षेत्रों में शिवसैनिकों से सीधे संवाद की श्रीकांत शिंदे की कोशिश रहेगी. बता दें कि, अमरावती में बच्चू कडू के शिवसेना में आ जाने से पार्टी संगठन सुद़ृढ होने का दावा किया जा रहा है. सांसद श्रीकांत शिंदे की उपस्थिति में अमरावती में शिवसेना कितनी मजबूत हुई है, यह पता चल जाएगा.





