भरोसे में लेकर लाखों के सोने के आभूषण हडपने का आरोप
मामला दर्ज, गाडगे नगर थाना क्षेत्र की घटना

अमरावती/दि.11 – एक परिचित युवक को विश्वास में लेकर लाखों रुपए के सोने के आभूषण हडपने का मामला सामने आया है. पीडित व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि, सिबिल कार्से सुधारने के नाम पर बैंक में आभूषण जमा करवाने का बहाना बनाकर आभूषण अपने कब्जे में ले लिया और बाद में लौटाने से इंकार कर दिया. यह घटना गाडगे नगर थाना क्षेत्र में घटित हुई. पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपी का नाम कासमपुर निवासी राहुल हरिदास महाजन (33) है.
जानकारी के मुताबिक आरोपी राहुल महाजन वर्ष 2020 से शिकायतकर्ता जिजाउ कालोनी निवासी विपुल भानुदास ठाकरे के संपर्क में था. दोनों के खाते आईसीआईसीआई बैंक की गाडगे नगर शाखा में हैं. अप्रैल 2025 में राहुल महाजन ने पीडित विपुल ठाकरे से कहा कि, उसे किसी काम के लिए अपना सिबिल स्कोर सुधारना है. इसलिए कुछ समय के लिए सोने के आभूषण बैंक में जमा कराने की जरुरत है. उसने भरोसा दिलाया कि, जमा की गई रकम संबंधित बैंक खाते में डाल दी जाएगी. पुरानी पहचान और विश्वास के चलते विपुल ठाकरे ने अपनी पत्नी के सोने के आभूषण आरोपी को सौंप दिये. इनमें मंगलसूत्र, हार, नेकलेस, चेन, लॉकेट सहित 8 आभूषण शामिल थे. इसका वजन 391. 26 ग्राम तथा अनुमानित कीमत 27 लाख 19 हजार 429 रुपए बतायी गई है. विपूल के अनुसार सभी आभूषणों की खरीदी बिल उसके पत्नी के नाम पर मौजूद है. आरोप है कि, आरोपी राहुल महाजन ने आभूषण बैंक में गिरवी रखकर प्राप्त रकम में से कुछ राशि विपुल की पत्नी की खाते में जमा की. जबकि शेष रकम खुद इस्तेमाल की. बाद में जब विपुल ठाकरे ने अपनी जरुरत बताते हुए रकम लौटाकर आभूषण चुराने की बात कही. तब आरोपी टालमटोल करने लगा. विपुल ठाकरे का आरोप है कि, कई बार अनुरोध करने के बावजूद आरोपी ने सहयोग नहीं किया और बैंक आने से भी इंकार कर दिया. आरोपी ने कथित रुप से कहा कि, वह बैंक नहीं आएगा और न ही गहने वापिस करेगा. गाडगे नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





