विदर्भ में फिर बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप

14 और 15 मई को हीट वेव का येलो अलर्ट

14 और 15 मई को हीट वेव का येलो अलर्ट
अमरावती/दि.11- राज्य में पिछले कुछ दिनों से मौसम लगातार करवट बदल रहा है. कुछ दिन पहले जहां भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल था और तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया था, वहीं अचानक हुई बेमौसम बारिश ने कई जिलों में किसानों की चिंता बढ़ा दी. अब एक बार फिर मौसम विभाग ने विदर्भ समेत राज्य के कई हिस्सों में तापमान बढ़ने की चेतावनी जारी की है.
भारतीय मौसम विभाग ने विदर्भ के कुछ जिलों में हीट वेव की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. नागपुर मौसम विभाग के वैज्ञानिक प्रवीण कुमार ने बताया कि बेमौसम बारिश और तेज हवाओं का असर खत्म होने के बाद अब विदर्भ में फिर से सूर्य का प्रकोप बढ़ने वाला है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोई विशेष मौसमी प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिसके कारण विदर्भ के सभी जिलों में तापमान तेजी से बढ़ेगा. कई स्थानों पर तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तथा कुछ इलाकों में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार 14 और 15 मई को अकोला, अमरावती, वर्धा तथा नागपुर जिलों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसी को देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. वैज्ञानिकों के अनुसार राजस्थान में बने प्रति चक्रवात का प्रभाव धीरे-धीरे मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रहा है, जिसका असर विदर्भ क्षेत्र पर भी दिखाई देगा. उधर उत्तर महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. यहां तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले कई वर्षों का उच्चतम स्तर माना जा रहा है.
लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है. उष्माघात से बचाव के लिए प्रशासन की ओर से विशेष नियंत्रण कक्ष भी शुरू किया गया है. चिकित्सकों ने लोगों को अधिक पानी पीने, धूप में निकलते समय सिर ढकने तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है.

Back to top button