प्रभाग क्रमांक 17 में जलापूर्ति समस्या को लेकर मजीप्रा की जांच

आंदोलन की चेतावनी

अमरावती/दि.13- प्रभाग क्रमांक 17 अंतर्गत वल्लभ नगर, छाया कॉलोनी, पुरुषोत्तम नगर, अंबा विहार, पार्वती नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से जलापूर्ति व्यवस्था बाधित होने से नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. कई इलाकों में कम दबाव से पानी आने तथा कुछ स्थानों पर पूरी तरह जलापूर्ति बंद रहने की शिकायत नागरिकों ने भूषण पाटणे एवं नगरसेविका प्रियंका भूषण पाटणे से की.
समस्या की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के उपकार्यकारी अभियंता लेवलकर साहब द्वारा संबंधित क्षेत्रों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया गया. इस दौरान नागरिकों की शिकायतें सुनकर जलापूर्ति व्यवस्था की जांच की गई तथा तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है. गर्मी के मौसम में पानी की समस्या और अधिक गंभीर होती जा रही है, इसलिए जल्द से जल्द ठोस उपाय किए जाने की अपेक्षा नागरिकों ने व्यक्त की है. महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जलापूर्ति सुचारू करने के लिए आवश्यक मरम्मत एवं तकनीकी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. वहीं भूषण पाटणे, नगरसेविका प्रियंका भूषण पाटणे तथा स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो युवा स्वाभिमान शैली में आंदोलन किया जाएगा.

Back to top button