अमरावती परिमंडल में 48 हजार 741 बिजली उपभोक्ताओं का बिल हुआ शून्य

छत पर सोलर प्रोजेक्ट लगाने से बिजली बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा

अमरावती/दि.14- केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अमरावती परिमंडल में सौर ऊर्जा के प्रति उपभोक्ताओं में तेजी से जागरूकता बढ़ रही है. अब तक 48 हजार 741 घरों की छतों पर सोलर ऊर्जा प्रोजेक्ट लगाए जा चुके हैं, जिससे इन उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य तक पहुंच गया है.
इस योजना का उद्देश्य प्रति माह 300 यूनिट बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना है. योजना के तहत सोलर प्रोजेक्ट लगाने पर उपभोक्ताओं को प्रति किलोवाट 30 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाती है. दो किलोवाट तक 60 हजार रुपये और तीसरे किलोवाट के लिए अतिरिक्त 18 हजार रुपये यानी कुल 78 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाता है. यह राशि सीधे उपभोक्ताओं के बैंक खाते में जमा की जाती है. साथ ही सोलर प्रोजेक्ट लगाने के लिए बैंकों के माध्यम से ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. महावितरण की ओर से इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्य अभियंता अशोक सालुंके के मार्गदर्शन तथा अधीक्षक अभियंता दीपक देवहाते और प्रवीण दरोली के नेतृत्व में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं. उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, तकनीकी मार्गदर्शन और नेट मीटरिंग सुविधा तेजी से उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके कारण ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में योजना को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है. परिमंडल में सोलर प्रोजेक्ट लगाने वाले 48 हजार 741 उपभोक्ताओं में अमरावती जिले के 33 हजार 846 और यवतमाल जिले के 14 हजार 895 उपभोक्ता शामिल हैं.
अमरावती जिले में सबसे अधिक 19 हजार 272 उपभोक्ताओं ने अमरावती शहर में अपने घरों की छत पर सोलर प्रोजेक्ट लगाए हैं. इसके अलावा अचलपुर विभाग में 5 हजार 912, मोर्शी विभाग में 4 हजार 606 तथा अमरावती ग्रामीण विभाग में 4 हजार 56 उपभोक्ताओं ने इस योजना का लाभ लिया है. यवतमाल जिले में सर्वाधिक 6 हजार 257 सोलर प्रोजेक्ट यवतमाल विभाग में लगाए गए हैं. इसके अलावा पुसद विभाग में 3 हजार 430, पांढरकवड़ा विभाग में 3 हजार 360 तथा दारव्हा विभाग में 1 हजार 846 उपभोक्ताओं ने अपने घरों की छतों पर सोलर प्रोजेक्ट लगाकर बिजली बिल शून्य तक कम कर लिया है.

 

Back to top button