नागपुर के डागा अस्पताल में अचानक आग

नवजात बच्चों को जान जोखिम में डालकर बाहर निकाला

* अस्पताल में भयावह स्थिति
नागपुर/दि.14 – नागपुर शहर के सरकारी डागा अस्पताल में मंगलवार मध्यरात्रि बड़ी अफरा-तफरी मच गई. अस्पताल के विशेष नवजात शिशु दक्षता विभाग में अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए भय का वातावरण निर्माण हो गया. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शॉर्टसर्किट के कारण यह आग लगने का संदेह व्यक्त किया जा रहा है. रात साढ़े ग्यारह बजे के आसपास यह घटना घटी. उस समय विभाग में कई नवजात बच्चों का उपचार शुरू था. अचानक धुआं फैलने के बाद अस्पताल प्रशासन सहित डॉक्टर और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया.
घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टर, नर्सिंग कर्मचारी और प्रशासन ने तुरंत बचावकार्य शुरू किया. धुआं बढ़ रहा है यह ध्यान में आते ही विभाग के नवजात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने का निर्णय लिया गया. लगभग 15 से 20 बच्चों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया. कुछ बच्चों को डागा अस्पताल के अन्य विभागों में भर्ती किया गया, जबकि कुछ को एहतियात के तौर पर मेयो अस्पताल में शिफ्ट किया गया. कर्मचारियों की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया, ऐसा कहा जा रहा है.
इस घटना के कारण अस्पताल परिसर में कुछ समय तक तनावपूर्ण वातावरण निर्माण हो गया था. नवजात विभाग में अचानक धुआं भरने से उपचार के लिए आए बच्चों के परिजनों में घबराहट फैल गई. कई लोगों ने विभाग के बाहर दौड़ लगा दी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धुआं इतनी तेजी से फैल रहा था कि कुछ क्षणों के लिए स्थिति नियंत्रण से बाहर जाने का डर निर्माण हो गया था. हालांकि, अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति संभालते हुए नागरिकों से शांत रहने की अपील की.
सौभाग्य से इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. सभी नवजात बच्चों को समय पर बाहर निकालने में सफलता मिलने से बड़ा अनर्थ टल गया. आग लगने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. प्राथमिक जांच में विद्युत व्यवस्था में खराबी आने से शॉर्टसर्किट होने का अनुमान व्यक्त किया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक रिपोर्ट के बाद ही कारण स्पष्ट होगा. अस्पताल प्रशासन की ओर से इस पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ऐसी जानकारी सामने आई है.

Back to top button