रूपाली चाकणकर से ईडी की पूछताछ शुरु

अशोक खरात रंगदारी रैकेट मामले में हलचल तेज

मुंबई/दि.14 – नासिक के भोंदू बाबा के रूप में चर्चा में आए अशोक खरात मामले में अब एक बड़ी हलचल सामने आई है. राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रूपाली चाकणकर आज प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय में दाखिल हुई हैं और उनकी पूछताछ शुरू कर दी गई है. विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कुछ दिनों पहले ही उनकी विस्तृत पूछताछ की थी. उसके बाद अब ईडी ने सीधे इस मामले में प्रवेश करने से राज्य के राजनीतिक गलियारों में बड़ी खलबली मच गई है. सूत्रों की जानकारी के अनुसार, 70 करोड़ रुपये के कथित रंगदारी रैकेट से संबंधित आर्थिक लेनदेन के संदर्भ में यह पूछताछ की जा रही है.
अशोक खरात पर बड़े पैमाने पर रंगदारी वसूलने के गंभीर आरोप हैं. जांच एजेंसियों की प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस कथित रैकेट से 70 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का लेनदेन होने का संदेह व्यक्त किया जा रहा है. इन पैसों के लेनदेन को छिपाने के लिए कई बेनामी बैंक खातों का उपयोग किए जाने की जानकारी सामने आई है. इस आर्थिक श्रृंखला के कुछ तार रूपाली चाकणकर तक पहुंचने के कारण जांच एजेंसियों ने उन पर ध्यान केंद्रित किया है. इन लेनदेन से उनका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध था क्या, इसकी पड़ताल अब ईडी द्वारा की जा रही है.
विशेष जांच दल ने नासिक में रूपाली चाकणकर से साढ़े पांच घंटे पूछताछ की थी. उस पूछताछ के दौरान विभिन्न आर्थिक लेनदेन, कुछ संस्थाओं से संबंधित दस्तावेज और संपर्कों की जानकारी जांच अधिकारियों ने जांची थी. एसआईटी की पूछताछ के तुरंत बाद ईडी ने हलचल बढ़ा दी है, जिससे इस मामले की गंभीरता और बढ़ गई है. मनी लॉन्ड्रिंग, आर्थिक अनियमितता और अवैध आर्थिक लेनदेन के संबंध में स्वतंत्र जांच शुरू की गई है, ऐसी जानकारी सामने आ रही है.

Back to top button