फजिला जबीन के परिजन नागपुर रवाना

पीएम रिपोर्ट का इंतजार

* मौत से एक दिन पहले की मां से बातचीत रिकॉर्डींग वायरल
* रविवार को पीएम के लिए निकाला गया था दफनाया गया शव
अमरावती/दि.18- अमरावती की बेटी की नागपुर में ससुरालियों द्वारा भीषण हत्या किए जाने और हार्टअटैक से मौत का दिखावा किए जाने के सनसनीखेज आरोप में नागपुर थाने में शिकायत दर्ज करने के लिए मृतका के परिजन आज नागपुर रवाना हुए हैं. इस बीच रविवार को इन कैमरा किए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट का सभी को इंतजार है. यह भी खुलासा हुआ है कि, मृत्यु से ठीक एक दिन पहले फजिला जबीन ने फोन से मां के साथ बातचीत की थी. यह ऑडियो वायरल हुआ है. जिसने भी सुना वह फफक पडा है, इतना संजीदा वह ऑडियो रहने की जानकारी दी जा रही है. बता दें कि, अमरावती के हाल के वर्षों के इतिहास में रविवार को पहली बार कब्रस्तान में दफनाए गए शव को परीक्षण के वास्ते बाहर निकाला गया और मृतका का इन कैमरा पोस्टमार्टम किया गया.
मृतका का नाम फजिला जबीन (19) है. फजिला का गत 25 जनवरी को नागपुर के मोहम्मद जुबेर से विवाह किया गया था. विवाह पश्चात उसे ससुराल पक्ष द्वारा प्रताडित किए जाने की वह अपनी मां से शिकायत करती थी. गत 15 मई को ससुराल पक्ष के लोगों ने फोन कर यहां अमरावती में सौदागरपुरा में सूचित किया कि, हृदयाघात से फजिला का निधन हो गया है. उसके परिजन माता-पिता, भाई नागपुर गए. 16 मई को फजिला का पार्थिव अमरावती लाकर यहां कब्रस्तान में अंतिम संस्कार किया गया.
शनिवार शाम ही फजिला के माता-पिता और अन्य रिश्तेदार नागपुरी गेट थाने पहुंचे. उन्होंने ससुराल के लोगों पर फजिला की हत्या करने का आरोप लगाया. शिकायत दर्ज करने के बाद रविवार को पुलिस ने फॉरेन्सिक टीम बुलाकर फजिला के पोस्टमार्टम का निर्णय किया.
रविवार सुबह अमरावती के तहसीलदार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, इर्विन अस्पताल के चिकित्सकों के दल के साथ फॉरेन्सिक टीम ने कब्रस्तान पहुंच कडी सुरक्षा में दफनाए गए फजिला के शव को बाहर निकाला. उसका इन कैमरा पोस्टमार्टम किया गया. उसके शरीर पर पाए गए चोट खास कर गले पर आरोपानुसार रस्सी से गला दबाने की चोट का निशान देखा गया. चिकित्सकों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. इस घटना ने संपूर्ण अमरावती को हिलाकर रख दिया है. मात्र चार माह में ही अमरावती की बेटी के साथ नागपुर में ससुराल पक्ष द्वारा कथित रुप से हत्या किए जाने की घटना ने सभी को झकझोर दिया है.
नागपुरी गेट थाने में परिजनों द्वारा की गई शिकायत के बाद फजिला का शव कब्र से निकालकर उसका परीक्षण किया गया. दोबारा उसे दफना दिया गया है. इस बीच आज सबेरे मृतका के परिजन नागपुर रवाना हुए है. वे तहसील थाने में शिकायत दर्ज करवाएंगे. जिसके बाद पुलिस उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर क्या एक्शन लेती है, इस पर सभी की निगाहें टिकी है.
* रिकॉर्डींग वायरल, सुननेवाले संजीदा
इस बीच चर्चित प्रकरण की मृतका फजिला और उसकी मां के बीच मृत्यु से एक दिन पहले फोन पर हुई बातचीत वायरल हुई है. यह बातचीत सुननेवालों को झकझोर देती है. फजिला इस वार्तालाप में मां से यह कहती है कि, भाई ने बडी मुश्किलात का सामना कर शादी करवाई है, संबंध निभाना होगा. वह भाई को अच्छी नौकरी लगवाने की प्रार्थना करती सुनाई देती है. यह पूरा वार्तालाप बडा भावनिक है. जिसमें फजिला ससुराल में बहुत परेशान रहने पर भी रिश्ता कायम रखने पर जोर देती है. मां भी उसे समझाते और ढांढस बंधाते सुनी जा सकती है.

Back to top button