दोस्त ने ही दिनदहाडे घर में घुसकर की युवक की हत्या

दर्यापुर के आनंद नगर की घटना

* आज क्षेत्र के नागरिक और मृतक के रिश्तेदारों ने थाने पर किया हल्लाबोल, भारी तनाव
* आरोपी युवक के माता-पिता पर भी हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की
* पुलिस के आश्वासन के बाद हुआ मामला शांत
दर्यापुर /दि.18- दर्यापुर पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित आनंद नगर परिसर में रहने वाले दो दोस्तों के बीच पुराने विवाद के चलते रविवार को दिनदहाडे दोपहर 1 बजे प्रज्वल नामक युवक की उसी के दोस्त ने घर में घुसकर चाकू से सपासप वार कर निर्मम हत्या कर दी. दिनदहाडे घटित इस हत्याकांड से शहर में दहशत का वातावरण निर्माण हो गया है. घटना के एक दिन बाद आज मृतक के रिश्तेदार और परिसर के नागरिकों ने थाने पर हल्लाबोल कर आरोपी के माता-पिता पर भी हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की. इसके कारण भारी तनाव निर्माण हो गया था. पुलिस के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरु कर दी है. मृतक युवक का नाम प्रज्वल देवानंद तायडे (19) है. जबकि गिरफ्तार आरोपी का नाम कुणाल प्रवीण गावंडे (21) है.
जानकारी के मुताबिक मृतक प्रज्वल तायडे और आरोपी कुणाल गावंडे एक-दूसरे के पडौसी है और दोनों दोस्त थे. लेकिन कुणाल का परिसर के एक युवक से पुराना विवाद था. प्रज्वल उसे सहायता करता है, ऐसा संदेह कुणाल को हुआ और दोनों की दोस्ती खत्म हो गई. मृतक प्रज्वल यह मूर्तिजापुर में नर्सिंग की शिक्षा ले रहा था. रविवार को सुबह 11.45 बजे आरोपी कुणाल ने प्रज्वल के घर में प्रवेश किया और अपने पास के चाकू से उसके पेट, छाती और गर्दन पर सपासप वार किये. इसमें प्रज्वल गंभीर रुप से घायल हो गया. खून से सनी अवस्था में पडौसी नागरिकों ने तत्काल प्रज्वल को उपजिला अस्पताल में भर्ती किया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया. घटना की जानकारी मिलते ही उपविभागीय पुलिस अधिकारी सतीश कुलकर्णी, थानेदार सुनील वानखडे का दल तत्काल घटनास्थल पहुंचा. फॉरेंसिक दल भी बुलाया गया. अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवार ने भी शाम को घटनास्थल भेंट दी. पुलिस ने आरोपी कुणाल गावंडे की सरगर्मी से तलाशी शुरु करते हुए कुछ ही घंटों में उसे कब्जे में ले लिया. घटना के बाद उपजिला अस्पताल और आनंद नगर परिसर में नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. देर शाम मृतक के दादा सोनाजी तायडे की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया. मामले की जांच पुलिस आगे कर रही है. इस घटना से दर्यापुर शहर में खलबली मच गई है.
* मृतक युवक के घर थे दादा
रविवार को दोपहर में घटित इस हत्याकांड के समय प्रज्वल तायडे के घर मृतक प्रज्वल तायडे के दादा सोनाजी तायडे अकेले ही घर पर थे. माता-पिता और बडा भाई बाहरगांव गये थे. दिनदहाडे पुलिस स्टेशन से कुछ दूरी पर घटित इस हत्याकांड से संपूर्ण दर्यापुर तहसील में सनसनी मच गई है. एक तरह से पुलिस का डर ही समाप्त हो गया है, ऐसा कहा जा रहा है.
* आरोपी के माता-पिता पर करें मामला दर्ज
रविवार 17 मई को 19 वर्षीय प्रज्वल तायडे नामक युवक की हत्या की गई. इस हत्या के बाद दर्यापुर शहर में दहशत का वातावरण निर्माण हो गया था. मृतक प्रज्वल तायडे घर पर अकेला रहते आरोपी कुणाल गावंडे ने मौका देखकर प्रज्वल पर चाकू से अनेक वार कर उसकी हत्या कर दी. विशेष यानि हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू ऑनलाइन बुलाया गया था. इस प्रकरण के आरोपी पर कडी कार्रवाई हो और आरोपी के माता-पिता पर भी मामला दर्ज करने की मांग को लेकर सोमवार 18 मई को दर्यापुर पुलिस स्टेशन पर प्रज्वल के रिश्तेदार और परिसर के नागरिकों ने हल्लाबोल किया. अचानक सैकडों की संख्या में नागरिक पुलिस स्टेशन पर पहुंचने से कुछ समय के लिए तनावपूर्ण वातावरण निर्माण हो गया था. पुलिस ने प्रज्वल के रिश्तेदारों की मांग सुनकर आरोपी पर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, तब मामला शांत हुआ.

Back to top button