शराब पीने जगह उपलब्ध कराने वाले 4 व्यवसायी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच के दल की कार्रवाई

अमरावती/दि.22 – अमरावती शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच के दल ने फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में वाइन शॉप से शराब खरीदने के बाद पियकडों को जगह उपलब्ध कराने वाले चार व्यापारियों को गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई आदित्य वाइन शॉप के पास स्थित आहान अंडा सेंटर एण्ड स्नैक सेंटर तथा जय गजानन सोडा एण्ड स्नैक सेंटर पर की गई.
क्राइम ब्रांच के दल को जानकारी मिली थी कि, उक्त सेंटर पर खुलेआम शराब पीने के लिए जगह उपलब्ध कराई जा रही है. इस जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच के निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व वाले दल ने छापा मारकर दुकान संचालक अमोल मोतीराम डाके, सोपान लक्ष्मण दुर्गे, करण सुदर्शन और आकाश राय को गिरफ्तार कर लिया. जांच में सामने आया कि, संबंधित दुकान संचालक अपने प्रतिष्ठानों पर लोगों को बैठाकर शराब सेवन करने की सुविधा दे रहे थे. जिससे क्षेत्र में कानून सुव्यवस्था का प्रश्न निर्माण हो रहा था. कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ फ्रेजरपुरा थाने में महाराष्ट्र शराब बंदी कानून की धारा 68 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, शहर में अवैध शराब और उससे जुडी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

Back to top button