अवैध रेत परिवहन करते डम्पर समेत 18.45 लाख का माल जब्त

शेंदुरजनाघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अमरावती/दि.23 – अमरावती ग्रामीण पुलिस ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डम्पर और कन्हान रेत जब्त की है. पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 18 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार, अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे. इसी आदेश के तहत शेंदुरजनाघाट पुलिस की टीम 22 मई को गश्त कर रही थी. इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि डम्पर क्रमांक एमएच-27/बीएक्स-5960 में अवैध रूप से कन्हान रेत का परिवहन किया जा रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने पुसला क्षेत्र में नाकाबंदी की और संदिग्ध डम्पर को रोका.
पूछताछ में चालक दीनू रामू उइके (28), निवासी पुनर्वसन पुसला ने बताया कि डम्पर का मालिक शहबाज शेख है. जांच में डम्पर में अवैध रूप से रेत परिवहन किए जाने की पुष्टि हुई. पुलिस ने मौके से 18 लाख रुपये कीमत का डम्पर और 45 हजार रुपये कीमत की कन्हान रेत जब्त की. कुल जब्त माल की कीमत 18 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है.
दोनों आरोपियों के खिलाफ शेंदुरजनाघाट पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5), पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 9 और 15 तथा भूमि राजस्व अधिनियम की धारा 48(7), 48(8) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष खांडेकर, स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक किरण वानखड़े तथा शेंदुरजनाघाट के सहायक निरीक्षक दीपक महाडिक के मार्गदर्शन में की गई.

Back to top button