बिजीलैंड मार्केट के पास हुई लूटपाट के आरोपी धरे गये
गिरफ्तार तीनों आरोपी नाबालिग

* मोबाइल, वाहन और नकद राशि समेत 2.89 लाख रुपए का माल जब्त
अमरावती/दि.23 – नांदगांव पेठ पुलिस ने पेट्रोल पंप के कैश कलेक्शन कर्मचारी से हुई लूटपाट के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए तीन नाबालिग बालकों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से नकदी, ई-बाइक और मोबाइल फोन सहित कुल 2 लाख 89 हजार रुपये का माल जब्त किया है.
जानकारी के मुताबिक अक्षय मोरे नामक कर्मचारी पेट्रोल पंप पर कैश कलेक्शन का काम करता है. वह सावर्डी पेट्रोल पंप और कोल्हटकर पेट्रोल पंप से कुल 3 लाख 14 हजार 140 रुपये की नकदी लेकर बिजीलैंड स्थित एसबीआई बैंक में जमा करने जा रहा था. बैंक परिसर में गाड़ी खड़ी कर जैसे ही वह पैसे जमा करने जा रहा था, तभी पीछे से आए दो अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया. आरोपियों ने जेब से चाकू निकालकर अक्षय मोरे पर हमला किया, जिससे वह मामूली रूप से घायल हो गया. इसके बाद आरोपियों ने उसके हाथ से नकदी से भरी बैग छीन ली और फरार हो गए. भागते समय एक आरोपी ने चाकू मौके पर ही फेंक दिया. फिर्यादी ने देखा कि थोड़ी दूरी पर एक नीले रंग की इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन खड़ी थी, जिस पर आरोपी बैठकर नेशनल हाईवे की ओर फरार हो गए.
मामले में नांदगांव पेठ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई. घटना के समय आरोपियों ने चेहरे ढंके हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया था. तकनीकी और गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस को आरोपियों के मुंबई में होने की सूचना मिली. इसके बाद नांदगांव पेठ पुलिस और क्राईम ब्रांच की संयुक्त टीम तत्काल मुंबई रवाना हुई.
पुलिस टीम ने अथक प्रयास कर तीनों नाबालिग बालकों को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से चोरी की रकम में से 1 लाख 79 हजार रुपये, घटना में इस्तेमाल की गई ओला ई-बाइक क्रमांक एमएच-27/डीवाय-6476 और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए. जब्त माल की कुल कीमत 2 लाख 89 हजार रुपये बताई गई है. यह कार्रवाई राकेश ओला, रमेश धुमाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त शिवाजी बचाटे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक दहातोंडे, उपनिरीक्षक गणेश राउत और अपराध शाखा की टीम ने संयुक्त रूप से की.





