इंधन पर टुकडा- टुकडा महंगाई छाई

अमरावती में अब पेट्रोल 109.51 रूपए लीटर

* डीजल भी 91 पैसे महंगा, अब 95.55 रूपए लीटर
* 10 दिनों में तीसरी बार बढाए गये दाम
* कुल 4 रूपए 87 पैसे बढ गये हैं दोनों ही इंधन पर
अमरावती/दि.23 – केन्द्र के अधीन तीनों बडी तेल कंपनियों इंडियन ऑइल, भारत पेट्रोलियम, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम देशवासियों की अनोखी परीक्षा ले रही है. विश्व मार्केट में कच्चे तेल के दाम बढने से भारत में शनै-शनै रेट बढाए जा रहे हैं. 10 दिनों के अंदर तीसरी बार पेट्रोल और डीजल के भाव क्रमश: 87 और 91 पैसे प्रति लीटर बढा दिए गये हैं. नये रेट तत्काल प्रभाव से लागू हो जाने के कारण अमरावती में पेट्रोल के भाव अब 109 रूपए 51 पैसे और डीजल 95 रूपए 55 पैसे प्रति लीटर हो गया है. स्पष्ट है कि महंगाई का तडका लग गया है. अब फलों, सब्जियों और कई चीजों के रेट बढना अवश्यंभावी माना जा रहा हैं. विपक्षी नेताओं ने सरकार की नीतियों की आलोचना की है. वह जनता के धैर्य की परीक्षा लेने पर तुली है, ऐसा अधिकांश नेता कह रहे हैं.
* पहलीबार हुआ ऐसा
ंपेट्रोल पंप डीलर असो. के पदाधिकारी कह रहे हैं कि पहली बार 10 दिनों में तीसरी बार दरवृध्दि की गई है. एक ओर सरकार कह रही है कि देश में इंधन का पर्याप्त भंडार है. ऐसे में सरकार एक बार दाम बढा दे तो जनता समझ जायेगी. इस प्रकार धीरे- धीरे दाम बढाए जाने से लोगों की आशंका बढ रही है और वें टैंक फुल करा रहे हैं. जिससे न चाहते हुए भी इंधन की किल्लत दिखाई पडती है. कई पंप ड्राय होने की संभावना बढ जाती है.
14 रूपए बढने की आशंका
तेल कंपनियों द्बारा लगातार रेट बढाए जाने के बीच जानकार नाना प्रकार की आशंका व्यक्त कर रहे हैं. पिछले सप्ताह तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल अचानक 3 रूपए महंगा कर दिया था. सप्ताह भर भी न बीता था कि गत मंगलवार को फिर 90-90 पैसे बढा दिए गये. इतना ही नहीं तो अब घरेलू गैस अर्थात एलपीजी सिलेंडर के भी रेट बढाए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही हैे. कमर्शियल सिलेंडर के रेट पिछले मार्च माह में और मई के आरंभ में तीन बार में 1450 रूपए प्रति सिलेंडर बढाए गये थे. एलपीजी घरेलू सिलेंडर में भी 50 रूपए की मूल्यवृध्दि मार्च माह में की गई थी. जिससे पेट्रोल क्षेत्र के जानकार आशंका जता रहे है कि, घरेलू सिलेंडर की भी दरवृध्दि हो सकती है. वहीं पेट्रोल और डीजल के रेट प्रति लीटर 14-15 रूपए बढाए जाने की आशंका व्यक्त की गई है.
हर कोई सहमा
लगातार बढते इंधन के दाम से सभी वस्तुएं महंगी होने की आशंका बलवती हुई है. हर कोई सहमा हुआ है. अभी ट्रैवल के रेट बढते जा रहे हैं. निजी टैक्सी प्रति किलो मीटर 2-3 रूपए महंगी हो गई है. उसी प्रकार निजी ट्रैवल बसें भी अब रेट बढा सकती है. सब्जियों, फलों की ढुलाई महंगी हो रखी है. जिससे सामान्य अमरावतीवासी सहमे हुए हैं. अब महंगाई और क्या- क्या चीजें आम आदमी की पहुंच से दूर करती है, यह देखनेवाली बात होगी.

Back to top button