रिंग रोड पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर में डिलीवरी बॉय की मौत

नागपुर /दि.25- रिंग रोड पर तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर में एक डिलीवरी बॉय की मौत हो गई. यह हादसा राणा प्रतापनगर पुलिस थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 9.30 बजे हुआ. मृतक की पहचान आदित्य रामेश्वर मेश्राम (21, धडवाल लेआउट) के रूप में हुई है, जो झेप्टो में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था. वह सावरकरनगर चौक से प्रतापनगर चौक की ओर जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी. हादसे में बाइक चालक युवराज मुकेश अलोन (23, बल्लारशाह) और उसका साथी मयूर संजय वधई भी घायल हो गए. सभी घायलों को ऑरेंज सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान आदित्य की मौत हो गई. आदित्य के पिता रामेश्वर मेश्राम की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवराज अलोन के खिलाफ मामला दर्ज किया है. बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

Back to top button