टिपर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो की मौत, एक घायल
पुसद से माहुर रोड के इंदिरा नगर की घटना

* ओवरटेक करने के प्रयास में हुई दुर्घटना
पुसद /दि.27– पुसद-माहुर रोड पर इंदिरानगर स्थित डंपिंग ग्राउंड के पास सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसा सुबह करीब 7.30 से 11.े30 बजे के बीच हुआ. मृतकों के नाम पुसद तहसील के काठखेडा निवासी गणेश विष्णु जाधव (29) और महागांव तहसील के कोठारी ग्राम निवासी अरविंद प्रलांडे राठौड़ (40) है. वहीं अनीता अरविंद राठौड़ (35) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है.
जानकारी के अनुसार गणेश जाधव अपनी दोपहिया वाहन क्रमांक एमएच-29/एएल-8360 से जा रहे थे, जबकि अरविंद राठौड़ अपनी पत्नी अनीता के साथ बाइक क्रमांक एमएच-29/एजे-7570 से पुसद से माहुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान माहुर से पुसद की तरफ तेज रफ्तार में आ रहे टिपर क्रमांक एमएच-21/बीएच-3760 ने ओवरटेक करने की कोशिश की और सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में एक बाइक टिपर के नीचे बुरी तरह दब गई. गंभीर रूप से घायल अनीता राठौड़ को नागरिकों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही शहर पुलिस थाना प्रभारी सेवानंद वानखड़े, ग्रामीण थाना प्रभारी आशीष चौधरी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पुसद उपजिला अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने टिपर चालक भारत शंकर पवार (28, निवासी काठखेड़ा) के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
* धुएं की वजह से हादसे की आशंका
स्थानीय नागरिकों के अनुसार इंदिरानगर स्थित डंपिंग ग्राउंड में कचरे में लगातार आग सुलगती रहती है, जिससे सड़क पर धुएं का गुबार छाया रहता है. धुएं के कारण वाहन चालकों को आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं देता. लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं और सोमवार का हादसा भी धुएं की वजह से हुआ हो सकता है.




