साढे पांच हजार रुपए के लिए सगे भाई को उतारा मौत के घाट
नागपुर शहर के हिवरी नगर की घटना

नागपुर/दि.27- उपराजधानी में अपराधियों के हौसले दिनोंदिन बढते जा रहे हैं. रविवार की रात हिवरी नगर परिसर में घटित एक दिल दहला देने वाली घटना में संपूर्ण परिसर में खलबली मच गई. केवल साढे पांच हजार रुपए के विवाद में बडे भाई ने ही अपने छोटे भाई की हत्या कर दी. खून के रिश्ते का ऐसा अंत देखकर परिसर में दहशत का वातावरण है. नंदनवन थाना क्षेत्र में यह घटना घटित हुई. मृतक युवक का नाम प्रदीप गोंविदराव बाबुले (37) है. जबकि आरोपी भाई का नाम भगवान गोविंदराव बाबुले (40) है.
जानकारी के मुताबिक प्रदीप और भगवान बाबुले नामक दोनों सगे भाई कार पेंटर के रुप में काम करते थे और दोनों अलग-अलग रहते थे. प्रदीप और भगवान के बीच पैसों के कारण पर से विवाद श्ाुरु था. प्रदीप की तरफ एक काम के साढे पांच हजार रुपए थे और वह दे नहीं रहा था. इस कारण भगवान उससे विवाद करता था. रविवार की रात 11 बजे के दौरान दोनों भाईयों के बीच इसी बात को लेकर फिर से विवाद हो गया. उस समय भगवान ने लोहे की टॉमी से प्रदीप से मारपीट की. इस मारपीट में गंभीर रुप से प्रदीप घायल हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. यह देख भगवान बाबुले भयभित हो गया. अपने हाथ से भाई की हत्या होने का एहसास होने पर उसने खुद पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर घटना की जानकारी दी. तत्काल नंदनवन पुलिस का दल घटनास्थल पहुंचा. घर के प्रांगण में प्रदीप मृतावस्था में पडा था. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. विद्या अरईकर की शिकायत पर आरोपी भगवान के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.





