अमरावती सीट भाजपा को, प्रवीण पोटे को टिकट

महायुति में विधान परिषद के लिए सीट बंटवारे का फार्मूला तय

* 17 में से 16 सीटों पर बनी सहमति, एक सीट को लेकर अब भी फंसा हुआ है पेंच
* भाजपा के 10, शिवसेना के 4 व राकांपा के 2 सीटों पर लडने की संभावना
* छ.संभाजी नगर-जालना सीट पर भाजपा व राकांपा दोनों ही अडे हुए
अमरावती/ दि. 29 – महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर महायुति में सीट बंटवारे का फार्मूला लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है. सूत्रों के अनुसार, 17 में से 16 सीटों पर सहमति बन चुकी है. जिसमें से अमरावती सीट भाजपा के हिस्से में छोडी गई है तथा इस सीट से पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे को भाजपा की ओर से महायुति का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है. वहीं महायुति में छत्रपति संभाजीनगर-जालना सीट को लेकर भाजपा और शिवसेना के बीच अब भी पेच बना हुआ है. संभावना जताई जा रही है कि आज या कल तक अंतिम फार्मूले की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी.
जानकारी के अनुसार, अब तक जिन 16 सीटों पर चर्चा पूरी हुई है, उनमें भाजपा 10, शिवसेना 4 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी 2 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है. स्थानीय स्वराज्य संस्था क्षेत्र की अधिकांश सीटों पर भाजपा का मजबूत प्रभाव होने के बावजूद सहयोगी दलों को भी हिस्सेदारी देने पर सहमति बनी है. सूत्रों के मुताबिक शिवसेना को ठाणे, यवतमाल, नाशिक तथा परभणी-हिंगोली क्षेत्र की सीटें मिल सकती हैं. वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को पुणे तथा रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट मिलने की संभावना है. शेष सीटों पर भाजपा अपने उम्मीदवार उतार सकती है.
भाजपा के खाते में संभावित रूप से सोलापुर, अहिल्यानगर, जलगांव, सांगली-सातारा, नांदेड़, भंडारा-गोंदिया, वर्धा-चंद्रपुर-गडचिरोली, अमरावती, धाराशिव-लातूर-बीड तथा नागपुर जैसी महत्वपूर्ण सीटें जा सकती हैं. महायुति में सबसे अधिक चर्चा छत्रपति संभाजीनगर-जालना सीट को लेकर हो रही है, जहां भाजपा और शिवसेना दोनों ही दावा कर रहे हैं. इस सीट पर अंतिम निर्णय शीर्ष नेतृत्व स्तर पर लिया जा सकता है.
गौरतलब है कि विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 1 जून निर्धारित है. ऐसे में महायुति जल्द से जल्द उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनावी तैयारी को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है.
* किसके हिस्से में कौन सी सीट
भाजपा – अमरावती, सोलापुर, अहिल्या नगर, जलगांव, सांगली-सातारा, नांदेड, भंडारा-गाेंंदिया, वर्धा-चंद्रपुर-गडचिरोली, धाराशिव-लातूर-बीड व नागपुर.
शिवसेना (शिंदे) – ठाणे, यवतमाल, नाशिक, परभणी-हिंगोली.
राकांपा (अजीत पवार) – पुणे, रायगढ-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग.
एक सीट पर अडे दो दल
छत्रपति संभाजी नगर-जालना निकाय निर्वाचन क्षेत्र पर दावेदारी हेतु महायुति के घटक दल रहनेवाले भाजपा एवं शिंदे सेना के बीच अब भी मामला लटका हुआ है. वहीं 17 में से शेष 16 सीटों पर बंटवारे का फार्मूला तय हो चुका है. जबकि इस एक सीट को लेकर फंसे तकनीकी पेंच को आज या कल में सुलझा लिए जाने का दावा महायुति के नेताओं द्बारा किया गया हैं.

Back to top button