करोडों के आसामी हैं प्रवीण पोटे व हर्षजीत देशमुख
निर्दलीय प्रत्याशी बाजोरिया का ‘वजन’ भी कम नहीं

* तीनों प्रमुख प्रत्याशी हैं ‘बेदाग’, किसी पर कोई मामला दर्ज नहीं
* चुनावी हलफनामे में दिया पूरी चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा
अमरावती/दि.2 – अमरावती स्थानिय स्वायत्त निकाय निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद की सीट के लिए होने जा रहे चुनाव में पांच उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है. जिसमें से तीन उम्मीदवारों को ‘हैवीवेट’ माना जा रहा है. जिनमें सबसे प्रमुख चर्चा महायुती की ओर से प्रत्याशी रहनेवाले भाजपा के प्रवीण पोटे पाटील तथा महाविकास आघाडी की ओर से प्रत्याशी रहनेवाले काँग्रेस के हर्षजीत देशमुख द्वारा नामांकन आवेदन के साथ जोडे गए हलफनामे की चर्चा हो रही है. क्योंकि इन दोनों प्रत्याशियों द्वारा अपने-अपने चुनावी हलफनामे में अपनी करोडों की चल-अचल संपत्ति का ब्यौरा दिया गया है. वहीं इस मामले में निर्दलिय प्रत्याशी रहनेवाले पूर्व विधायक विप्लव बाजोरिया का आर्थिक ‘वजन’ भी कुछ कम नहीं है. जिसके चलते इन तिनों प्रत्याशियों को बडा आसामी मानने के साथ ही उनकी चल-अचल संपत्तियों के आंकडों की इस वक्त अच्छी-खासी चर्चा है. सबसे खास बात यह है कि विधान परिषद के चुनावी अखाडे में उतरे ये तीनों प्रमुख प्रत्याशी पूरी तरह से ‘बेदाग’ छवि वाले कहे जा सकते है, क्योंकि तिनों द्वारा दिए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके खिलाफ इस समय कोई अपराधिक मामला दर्ज नहीं है.
* किसके पास कितनी चल-अचल संपत्ति
– प्रवीण पोटे पाटिल
अमरावती निकाय निर्वाचन क्षेत्र से दो बार विधान परिषद के सदस्य रह चुके राठीनगर परिसर निवासी पूर्व मंत्री प्रवीण पोटे पाटील की शिक्षा बी कॉम तक हुई है और उन पर फिलहाल कोई भी अपराधिक मामला दर्ज नहीं है. प्रवीण पोटे पाटिल द्वारा दिए गए आर्थिक ब्यौरे के अनुसार वर्ष 2025-26 में उनकी आय 85 लाख 25 हजार 990 रूपये दर्शायी गई है. प्रवीण पोटे के पास 4 लाख 20 हजार 794 रूपये नगद रहने के साथ ही बँक ऑफ महाराष्ट्र में 17 लाख 29 हजार 322 रूपये व एसबीआय में 34 लाख 68 हजार 633 रूपये जमा है. इसके अलावा उनका तीन अन्य बैंकों में निवेश है. साथ ही प्रवीण बिल्डर्स में 15.50 लाख रूपये व पत्नी अनुराधा के नाम पर 12 लाख रूपये का निवेश है. प्रवीण पोटे के नाम पर कोई वाहन नहीं है. उन्होंने 2 करोड 86 लाख 73 हजार 546 रूपये एवं 91 लाख 25 हजार 500 रूपये का व्यक्तीगत कर्ज लिया है. प्रवीण पोटेे के पास 250 ग्राम सोना व 5 किलो चांदी तथा उनकी पत्नी के पास 755 ग्राम सोना व 40 किलो चांदी है. उनकी विविध स्थानों पर स्वसंपादित संपत्ति का बाजार मूल्य 137 करोड 96 लाख 11हजार 960 रूपये तथा उनकी पत्नी के नाम रहनेवाले संपत्ति का बाजार मूल्य 132 करोड 91 लाख 36 हजार 500 रूपये है. प्रवीण पोटे पर 2 करोड 72 लाख 35 हजार 275 रूपये तथा उनकी पत्नी अनुराधा पर 2 करोड 8 लाख 49 हजार 423 रूपये का दायित्व यानी कर्ज है. – हर्षजीत देशमुख
नागपूर के त्रिमूर्ति नगर में रहनेवाले काँग्रेस प्रत्याशी हर्षजीत देशमुख की पढाई एमबीए तक हुई है और वे वर्च्यूअल गैलेक्सी इन्फोटेक कंपनी के संचालक है. वहीं उनकी पत्नी एकता देशमुख का अपना स्वतंत्र निजी व्यवसाय है. हर्षजीत देशमुख के आयकर विवरण के अनुसार वर्ष 2025-26 में उनकी आय 25 लाख 39 हजार 731 रूपये दर्शायी गई है. साथ ही हर्षजीत देशमुख पर फिलहाल कोई अपराधिक मामला दर्ज नहीं है. हर्षजित देशमुख के पास 3 लाख रूपये नगद रहने के साथ ही एचडीएफसी बैंक में 11 लाख 86 हजार 848 रूपये, बँक ऑफ महाराष्ट्र में 63 लाख 73 हजार 72 रूपये एवं युनियन बैंक में 2 लाख 76 हजार 127 रूपये जमा है. इसके अलावा उन्होंने बीमा एवं फंड में 1.18 करोड का निवेश किया है. साथ ही उनके पास 42.45 लाख रूपये का मूल्य वाला वाहन है. इसके अलावा उनके पास 300 ग्राम व उनकी पत्नी के पास 600 ग्राम सोना है. साथ ही उनकी पत्नी के नाम पर तिवसा तहसील के मालेगाव में 1.62 हे. आर. कृषी भूमि है. हर्षजीत देशमुख के नाम पर नागपूर में तीन फ्लॅट व उनकी पत्नी के नाम पर दो फ्लॅट है. हर्षजीत देशमुख पर 84 लाख 97 हजार रूपये का दायित्व यानी कर्ज है. हर्षजीत देशमुख की पुस्तैनी संपत्ति 2 करोड 83 लाख 93 हजार 770 रूपये व स्वसंपादित संपत्ति 2.25 करोड रूपये के आसपास है. – विप्लव बाजोरिया
अमरावती निकाय निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलिय प्रत्याशी रहनेवाले विप्लव बाजोरिया अकोला के निवासी है. जिन्होंने एलएलबी की पदवी प्राप्त की है. साथ ही उन पर कोई अपराधिक मामला दर्ज नहीं है. विप्लव बाजोरिया के पास 24.34 लाख रूपये नगद रहने के साथ ही 15 करोड 16 लाख 35 हजार 570 रूपये की अचल संपत्ति है. साथ ही उनकी पत्नी राशी के पास 1 करोड 14 लाख 72 हजार 274 रूपये की संपत्ति रहने के साथ ही उनकी स्वसंपादित संपत्ति 7 करोड रूपये की है. जिसका बाजार मूल्य 24 करोड रूपये के आसपास है. इसके अलावा विप्लव बाजोरिया पर 23.81 लाख रूपये का दायित्व यानी कर्ज भी है.





