158 पुलिस कर्मियों के हुए तबादले

शहर पुलिस आयुक्तालय में बडे पैमाने पर फेरबदल

अमरावती/दि.3 शहर पुलिस आयुक्तालय में बडे पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिस कॉन्स्टेबल से लेकर सहायक पुलिस उपनिरीक्षक स्तर तक कुल 158 पुलिस कर्मियों के तबादले किए गए है. सुत्रों के अनुसार आनेवाले दिनों में पुलिस निरीक्षकों की तबादला सूचि भी जारी हो सकती है.
पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम तथा राज्य शासन के विभिन्न परिपत्रों और नियमों के तहत पुलिस स्थापना मंडल को प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए यह कार्रवाई की गई है. जिन अधिकारियों और कर्मचारियों का निर्धारित कार्यकाल पूर्ण हो चुका था उन्हें प्रशासनिक कारणों से नई पदस्थापना दी गई है. आदेश के अनुसार जिन पुलिस कर्मचारियों का तबादला किया गया है, उन्हें आदेश प्राप्त होते ही तत्काल कार्यमुक्त कर नए पदस्थापन स्तर पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए है.
संबंधित थाना प्रभारियों व विभाग प्रमुखों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि कोई भी कर्मचारी कार्यमुक्त होने से शेष न रहे. पुलिस आयुक्तालय ने यह भी निर्देश दिए है कि स्थानांतरीत कर्मचारियों को कार्यमुक्त करते हुए उनके पास मौजूद सभी महत्वपूर्ण अभिलेख, दस्तावेज और प्रभार विधिवत हस्तांतरीत किए जाए. ताकि बाद में किसी प्रकार की प्रशासनिक शिकायत या वाद उत्पन्न न हो.
इसके अलावा पूर्व में जारी सामान्य अथवा अवधी पूर्व तबादला आदेशों के अंतर्गत जिन कर्मचारियों को अब तक कार्यमुक्त नहीं किया गया है, उन्हें भी तत्काल नए स्थान पर भेजने के निर्देश दिए गए है. संबंधित अधिकारियों को अनुपालन रिपोर्ट पुलिस आयुक्तालय की स्थापना शाखा को भेजने के लिए कहा गया है. पुलिस विभाग के सुत्रों का कहना है कि यह तबादला प्रक्रिया पुलिस प्रशासन में कार्यकुशलता बढाने और विभिन्न इकाईयों में संतुलन बनाए रखने के उद्देश से की गई है. विभागीय हलकों में अब पुलिस निरीक्षकों के संभावित तबादलों को लेकर भी चर्चा तेज हो चुकी है और जल्द ही नई सूचि जारी होने की संभावना व्यक्त की जा रही है.

Back to top button