आधी रात एटीएम में सेंध लगाते चोर को पुलिस ने दबोचा
सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल

* ट्रैक्टर के पीछे छिपे आरोपी को दबोचा
घाटंजी /दि.8– महाराष्ट्र बैंक के एटीएम में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को घाटंजी पुलिस ने शुक्रवार देर रात रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. पुलिस कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया.
जानकारी के अनुसार, देर रात कंट्रोल रूम को एटीएम में तोड़फोड़ और चोरी के प्रयास की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही घाटंजी पुलिस ने शहर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया. इसी दौरान पुलिस टीम एचडीएफसी बैंक के एटीएम क्षेत्र में पहुंची, जहां संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं. मौके पर पहुंचने पर पुलिस को एटीएम क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला. इसकी जानकारी तत्काल थाना प्रभारी केशव ठाकरे को दी गई. जांच के दौरान एटीएम के पास स्थित एक गली में एक व्यक्ति ट्रैक्टर के पीछे छिपा हुआ दिखाई दिया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पूछताछ में उसकी पहचान विजय तानबाजी मडावी (30), निवासी राजुरवाड़ी, तहसील घाटंजी के रूप में हुई. आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो पैंट की जेब से दो लोहे के पत्ते और एक छोटा कार वाइपर बरामद हुआ, जिसका उपयोग स्क्रूड्राइवर की तरह किया जा सकता था. इसके बाद पुलिस ने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में आरोपी स्पष्ट रूप से एटीएम मशीन से छेड़छाड़ और तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दिया. इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
इस कार्रवाई में यवतमाल और घाटंजी पुलिस कंट्रोल रूम की सतर्कता और त्वरित समन्वय महत्वपूर्ण साबित हुआ. मामले के सफल खुलासे पर कुमार चिंताने ने घाटंजी पुलिस की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया तथा प्रोत्साहन स्वरूप 5 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की. कार्रवाई में सहायक फौजदार राहुल खंडागले, जमादार दत्ता कुसराम, सचिन नैतम तथा अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस आगे आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं.





