आंधी-तूफान और बारिश से अमरावती की बिजली व्यवस्था प्रभावित
5 उपकेंद्रों की आपूर्ति बहाल

अमरावती /दि.9 – रविवार शाम करीब 5 बजे आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण अमरावती शहर की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई, जिससे पांच उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. हालांकि, मौसम शांत होते ही महावितरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर कुछ ही घंटों में सभी प्रभावित उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी.
महावितरण के मुख्य अभियंता अशोक सालुंके ने बताया कि उपकेंद्रों से उपभोक्ताओं के घरों तक बिजली पहुंचाने वाली लाइनों की मरम्मत का कार्य तेजी से जारी है और नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है. तेज हवाओं के कारण तकनीकी खराबी उत्पन्न होने से 220 केवी कोंडेश्वर अति उच्चदाब उपकेंद्र से जुड़े 33 केवी वडाली और 33 केवी विद्युत भवन उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति शाम 5.08 बजे बंद हो गई थी. महावितरण की तत्परता से दोनों उपकेंद्रों की आपूर्ति मात्र 22 मिनट में, यानी शाम 5.30 बजे पुनः शुरू कर दी गई. वहीं, पेड़ गिरने से बंद हुआ कांग्रेस नगर उपकेंद्र भी शाम 5.32 बजे चालू कर दिया गया. इसके अलावा, 220 केवी लालखड़ी उपकेंद्र से जुड़े 33 केवी पावर हाउस और 33 केवी हनुमान नगर उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति क्रमशः 220 केवी राहटगांव और 33 केवी अकोली उपकेंद्रों से बैकफीडिंग के माध्यम से बहाल की गई.
महावितरण ने बताया कि उपभोक्ताओं तक बिजली पहुंचाने वाले 98 फीडरों में से 96 फीडरों की आपूर्ति बहाल कर दी गई है. हनुमान नगर उपकेंद्र के शेष दो फीडरों की मरम्मत का कार्य जारी है. इसके साथ ही ट्रांसफार्मर स्तर पर भी मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है और चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति सामान्य की जा रही है. कई स्थानों पर बिजली लाइनों पर पेड़ गिर जाने के कारण मरम्मत कार्य में कुछ समय लग रहा है. मुख्य अभियंता अशोक सालुंके और अधीक्षक अभियंता दीपक देवहाते पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. अशोक सालुंके स्वयं विभिन्न उपकेंद्रों का दौरा कर मरम्मत कार्य की समीक्षा कर रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस नगर 33 केवी उपकेंद्र का भी दौरा कर हालात का जायजा लिया. महावितरण ने नागरिकों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील की है.





