पत्नी को बैल की जगह जोतकर खेत में उतरा किसान

वीडियो वायरल होने पर मुख्यमंत्री की पहल से मिली बैल जोड़ी

लातूर/दि.10- महाराष्ट्र के लातूर जिले में एक गरीब किसान परिवार की मजबूरी का मार्मिक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और किसान को तत्काल राहत उपलब्ध कराई गई। देवणी तहसील के बोंबळी बुद्रुक गांव के किसान काशीनाथ गायकवाड़ के एक बैल की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी। खेती का एकमात्र सहारा छिन जाने के बाद उनकी पत्नी ने स्वयं कंधे पर जुआ उठाकर खेत की जुताई में हाथ बंटाया। यह दृश्य सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद व्यापक चर्चा का विषय बन गया।
जानकारी के अनुसार, 5 जून को हुई तेज बारिश और बिजली गिरने की घटना में काशीनाथ गायकवाड़ का एक बैल मर गया था। गायकवाड़ भूमिहीन खेत मजदूर हैं और दूसरों के खेतों में काम करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके परिवार में दो बेटे और चार बेटियां हैं। बैल की मौत के बाद खेती का काम रुकने और आय का साधन प्रभावित होने से परिवार गंभीर आर्थिक संकट में आ गया।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर लातूर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किसान परिवार की सहायता की व्यवस्था की। प्रशासन ने स्थानीय गोशाला से एक बैल उपलब्ध कराया, जिससे किसान दोबारा खेत की जुताई शुरू कर सके। अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर सहायता पहुंचाई।
* आर्थिक सहायता भी मंजूर
देवणी के तहसीलदार सोमनाथ वाडकर ने किसान परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 32 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। इसके अलावा विधायक संभाजी पाटिल निलंगेकर से जुड़े हक्क फाउंडेशन की ओर से 20 हजार रुपये की अतिरिक्त मदद प्रदान की गई। प्रशासन ने अगले ही दिन सुबह किसान के खेत पर बैल पहुंचा दिया, जिसके बाद खेती के काम को फिर से शुरू किया गया।
* ग्रामीण जीवन की कठोर वास्तविकता
यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे और गरीब किसानों की परिस्थितियों को भी उजागर करती है। आज भी महाराष्ट्र के कई हिस्सों में किसान पारंपरिक तरीके से बैलों की सहायता से खेती करते हैं। ऐसे में एक पशु की मृत्यु केवल आर्थिक नुकसान नहीं बल्कि पूरे परिवार की आजीविका पर सीधा असर डालती है। काशीनाथ गायकवाड़ के मामले में भी एक बैल की मौत से खेती का पूरा चक्र प्रभावित हो गया था। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से परिवार को राहत मिली है और खेती का काम दोबारा शुरू हो सका है।

Back to top button