श्रीकृष्ण हार्ट एंड मल्टी स्पेशालिटी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक फिलिप्स कैथ लैब का उद्घाटन

सांसद डॉ. बोंडे दंपत्ति के हाथों हुआ लोकार्पण

अमरावती /दि.11– शहर के श्रीकृष्ण हार्ट एंड मल्टी स्पेशालिटी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक फिलिप्स कैथ लैब का उद्घाटन राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे तथा उनकी पत्नी वसुधा बोंडे के हस्ते फीता काटकर किया गया. इस अवसर पर अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सक, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे. उद्घाटन के पश्चात डॉ. अनिल बोंडे ने अस्पताल का निरीक्षण किया तथा यहां उपलब्ध अत्याधुनिक फिलिप्स कैथ लैब, आपातकालीन सेवाएं, आईसीयू, क्रिटिकल केयर यूनिट, फार्मेसी और पैथोलॉजी विभाग की जानकारी ली. उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान क्षेत्र के मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
कार्यक्रम में अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव वसुले ने बताया कि कैथ लैब के माध्यम से एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, पेसमेकर प्रत्यारोपण, बायपास सर्जरी सहित हृदय रोगों से संबंधित विभिन्न उपचार एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जाएंगे. इससे मरीजों को बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. इस अवसर पर अस्पताल के संचालक डॉ. मनोज निचत ने कहा कि शीघ्र ही प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के माध्यम से पात्र मरीजों को इन उपचारों की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह अस्पताल केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे समाज का है और जनसेवा ही इसका प्रमुख उद्देश्य है.
इस अवसर पर सांसद डॉ. अनिल बोंडे एवं डॉ. वसुधा बोंडे ने अस्पताल के आयुर्वेद विभाग का भी दौरा किया. आयुर्वेद एवं सौंदर्य चिकित्सा से संबंधित उपलब्ध सेवाओं की जानकारी लेने के बाद डॉ. वसुधा बोंडे ने इन नवाचारपूर्ण उपचार सुविधाओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि अमरावती में इस प्रकार की समग्र स्वास्थ्य सेवाओं का उपलब्ध होना नागरिकों के लिए लाभदायक है.
अतिथियों ने अस्पताल में उपलब्ध अत्याधुनिक आईसीयू, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, इनडोर सुविधाएं तथा पार्किंग व्यवस्था का अवलोकन कर संतोष व्यक्त किया. कार्यक्रम में डॉ. किरण निचत, साईनगर मंडल की अध्यक्ष भारती गुहे, नगरसेवक चेतन गावंडे, नगरसेविका लता देशमुख, ओबीसी मोर्चा के सरचिटणीस हेमंत श्रीवास्तव, राहुल जाधव सहित अनेक पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित थे.

Back to top button