काजल इंगले हत्याकांड की वजह आयी सामने
अंतरजातीय विवाह को लेकर नाराज था मौसेरा भाई

* पहले काजल को बुलाकर समझाया, नहीं मानी तो मार डाला
* 23 जुलाई को होना था काजल का ‘लव मैरिज’
* माता पिता की थी रजामंदी, मौसेरा भाई था विरोध में
अमरावती/दि.12 – विगत 2 जून को तपोवन परिसर के पीछे जंगल क्षेत्र से अधजली अवस्था में मृत पायी गई काजल इंगले की हत्या के मामले में आज उस समय एक बडा खुलासा हुआ. जब काजल इंगले हत्याकांड की असल वजह सामने आयी. जिसके मुताबिक काजल इंगले द्बारा किए जा रहे अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज होकर उसे उसके मौसेरे भाई चेतन सुनील थोरात ने तपोवन परिसर के पीछे सुनसान जगह पर बुलाकर पहले तो समझाने बुझाने का प्रयास किया था और जब काजल इंगले ने अपना फैसला बदलने से इंकार कर दिया, तो चेतन थोरात ने तैश में आकर पहले तो काजल इंगले के सिर पर लोहे की रॉड से भरपूर वार किया और फिर उसका गला दबाकर जान से मार डाला. जिसके बाद अपने कृत्य को छिपाने के लिए चेतन थोरात वडाली परिसर के पेट्रोल लेकर दोबारा मौके पर पहुंचा था तथा काजल इंगले के शव पर पेट्राल छिडककर आग लगाते हुए वहां से भाग निकला था.
* किसी और को मारने 8 दिन पहले से छिपाकर रखी थी रॉड
गत रोज पुलिस द्बारा हिरासत में लिए जाने के बाद की गई पूछताछ में अपना अपराध कबूल करते हुए काजल इंगले की हत्या की वजह बताने के साथ ही चेतन थोरात ने पुलिस को यह भी बताया कि घटनास्थल पर उसने लोहे की रॉड को करीब 8 दिन पहले ही छिपाकर रख दिया था. दर असल उसका कुछ लडकों के साथ झगडा हुआ था, जिन्हें मारने के लिए उसने लोहे की रॉड लायी थी. इसी दौरान उसे पता चला कि उसकी मौसेरी बहन रहनेवाली काजल इंगले द्बारा किसी अन्य समाज के युवक के साथ प्रेम विवाह किया जा रहा है. यह पता चलते ही चेतन थोरात ने वॉट्सअॅप चेट के जरिए काजल को खुद से मिलने हेतु बुलाया और उसे तपोवन टेकडी के पीछे स्थित सुनसान रहनेवाले जंगल क्षेत्र में लेकर गया. जहां पर चेतन ने काजल इंगले को अंतरजातीय विवाह नहीं करने के बारे में समझाया और जब काजल नहीं मानी, तो चेतन ने उसके सिर पर लोहे की रॉड मारते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया.
या तो तु मुझे मार दे, या मैं तुझे मार दूंगा
चेतन द्बारा पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक जब काजल इंगले थोरात से मिलने हेतु तपोवन परिसर के पीछे स्थित सुनसान जंगल क्षेत्र में पहुंची थी तो उसे अंतरजातीय विवाह के मामले से परावृत्त करने हेतु समझाने के साथ ही चेतन थोरात ने उससे यहां तक कहा था कि काजल चाहे तो उसे यानी चेतन को जान से मार सकती है, अन्यथा वह यानी चेतन उसे यानी काजल को जान से मार देगा. इस समय काजल ने कहा था कि चेतन तु मेरा भाई है, मैं तुझे कैसे मार सकती हूं. इसके बाद काजल वहां से जाने के लिए निकली, तो चेतन ने अचानक ही लोहे की रॉड निकालकर उसके सिर पर दे मारी और जब सिर पर जबर्दस्त वार पडने की वजह से काजल बेशुध्द होकर जमीन पर गिरी तो चेतन ने उसे गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया. साथ ही उसके शव को नाले के पास स्थित गढ्ढे में डालकर पेट्रोल छिडकते हुए आग लगा दी.
* पुलिस की जांच रही बेहद जबर्दस्त
विशेष उल्लेखनीय है कि इस मामले की जांच के दौरान शुरूआती चरण में पुलिस के पास कोई सबूत नहीं थे. साथ ही मामले की जांच में मदद हेतु परिसर के आसपास किसी सीसीटीवी फुटेज की सहायता भी नहीं थी. लेकिन इसके बावजूद पुलिस ने जबर्दस्त तरीके से जांच करते हुए पूरे मामले का पर्दाफाश किया तथा आरोपी को खोज निकालने में सफलता प्राप्त की.





