सार्वजनिक बस सेवा के लिए जगह उपलब्ध कराएं- मेराज पठान

विधायक संजय खोड़के से ट्रैवल्स एसोसिएशन की मांग

अमरावती /दि.13- अमरावती ट्रैवल्स एसोसिएशन ने वर्षों से लंबित सार्वजनिक बस सेवा के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराने की मांग एक बार फिर उठाई है. इस संबंध में एसोसिएशन के अध्यक्ष मेराज खान पठान के नेतृत्व में पदाधिकारियों और बस संचालकों के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक संजय खोड़के को ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में बताया गया कि शासन की अधिसूचना के अनुसार सार्वजनिक बस सेवाओं के संचालन के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है. यात्रियों की सुविधा और बस संचालन को सुचारु बनाने के लिए लंबे समय से इस मांग को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है. इस अवसर पर विधायक संजय खोड़के ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस समस्या के समाधान के लिए शीघ्र ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लक्जरी बस संचालकों को उपयुक्त और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे. प्रतिनिधिमंडल में मनोज उल्हे, आश्विन लुल्ला, दिलीप छूटलानी, संदीप छूटलानी, अमोल गेडाम, शहजाद खान, मोहसिन बारी, गजेंद्र भिसे, लोकेश सपकाल और योगेश विश्वकर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं संचालक उपस्थित थे.

Back to top button