अब अधिकतम 40 लीटर पेट्रोल व 200 लीटर डीजल ही मिलेगा

पेट्रोल पंपों से इंधन की होलसेल बिक्री पर प्रतिबंध

* अन्न व आपूर्ति विभाग ने जारी किया जीआर
* काला बाजारी करने पर होगी कार्रवाई
अमरावती/दि.13– वैश्विक उर्जा संकट के चलते इंधन के स्टॉक को सुरक्षित रहने हेतु राज्य सरकार ने पेट्रोल व डीजल की होलसेल बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है. जिसके चलते अब किसी भी पेट्रोल पंप से 40 लीटर से अधिक पेेट्रोल व 200 लीटर से अधिक डीजल की एकमुश्त खरीदी नहीं की जा सकेगी. इंधन के स्टॉक को सुरक्षित रखने एवं डिटेल ग्राहकों को इंधन की सुचारू आपूर्ति करने हेतु राज्य सरकार द्बारा ठोस उपाय किए जा रहे है. जिसके तहत काला बाजारी एवं इंधन की स्टॉकिंग करनेवाले लोगों के खिलाफ सीधे फौजदारी कार्रवाई करने के आदेश जारी किए गये है.
बता दें कि विगत कुछ दिनों से इंधन की मांग में काफी अधिक वृध्दि हुई है. होलसेल डीजल के दाम रिटेल दरों की तुलना में अधिक रहने के चलते कई बडे होलसेल ग्राहकों द्बारा रिटेल पेट्रोल पंपों से बडे पैमाने पर डीजल की खरीदी की जाती है. इस बात को देखते हुए इंधन की स्टॉकिंग व कालाबाजारी करने, फुटकर दुकानों से पेट्रोलियम पदाथों की अनधिकृत विक्री करने, बैरल एवं कैन में बार-बार इंधन भरवाने, इंधन की असुरक्षित ढुलाई करने, जरूरत से ज्यादा इंधन का संंग्रहण करने एवं पेट्रोलियम पदार्थो में मिलावट करने जैसी गडबडियों की जांच करते हुए दोषी पाए जानेवाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.
ज्ञात रहे कि जिन व्यवसायिक एवं औद्योगिक संस्थाओं को बडे पैमाने पर पेट्रोल व डीजल की जरूरत पडती है. उन्हें सीधे तेल विपणन कंपनियों के मार्फत इंधन की खरीदी करना अनिवार्य है. यदि ऐसा कुछ थोक ग्राहक किसी रिटेल विक्री केन्द्र से इंधन की खरीदी करता पाया जाता है तो संबंधित होलसेल ग्राहक सहित रिटेल विक्री केन्द्र संचालक के खिलाफ भी जीवनावश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जायेगी. इस कार्रवाई हेतु विभागीय आयुक्त से लेकर जिलाधीश, तहसीलदार, आपूर्ति अधिकारी व पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को अधिकार दिए गये है.

* सरकार के निर्देशानुसार अब किसी भी पेट्रोल पंप पर 40 लीटर से अधिक पेट्रोल एवं 200 लीटर से अधिक डीजल किसी को भी एकमुश्त नहीं दिया जायेगा. साथ ही सभी पेट्रोल पंपों पर वहां आनेवाले वाहनों की इंधन टंकियों में ही पेट्रोल और डीजल भरकर दिया जायेगा तथा बैरल व कैन में बिल्कुल भी इंधन भरकर नहीं दिया जायेगा.
– सौरभ जगताप,
सचिव, अमरावती पेट्रोल पंप डीलर्स असो.

Back to top button