मोर्शी तहसील में मौसम की मार से किसान बेहाल
आंधी व ओलावृष्टि ने उजाडे संतरा बागान

* कई जगह गिरे पेड, झुके इलेक्ट्रीक पोल
* हिवरखेड राजस्व मंडल में सर्वाधिक नुकसान
मोर्शी /दि.13- तहसील में मौसम की मार किसानों को बेहाल कर रही है. शुक्रवार की शाम अचानक 4.30 बजे आई तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने संतरा उत्पादक किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया. शहर सहित संपूर्ण तहसील में भारी तबाही मचाई. प्राकृतिक आपदाओं, बढता उत्पादन खर्च और बाजार की अनिश्चितताओं से पहले जूझ रहे संतरा उत्पादक किसानों को इस आपदा से बडा आर्थिक झटका लगा है. तेज हवाओं के कारण कई इलेक्ट्रीक पोल झुकने के साथ ही कई पेड धराशाही हुए.
मोर्शी शहर में एसटी डिपो के समीप अप्पर वर्धा कॉलोनी मार्ग पर 6 विद्युत पोल नीचे तक झुक गए. कई पेड उखडकर गिर पडे. कुछ दुकानों के टीन की छते उड गई. इससे क्षेत्र का यातायात प्रभावित हुआ. रॉय कॉलोनी क्षेत्र में बेर के आकार के ओले गिरे. जबकि सिंभोरा रोड स्थित श्रीराम कॉलोनी में पेड गिरने से एक चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. जिसके चलते देढ से दो घंटे तक बिजली बाधित रही.
उसी प्रकार हिवरखेड राजस्व मंडल के दापोरी, डोंगरयावली, घोडदेव, सालबर्डी, पाला, गायवाडी, भायपूर सहित अनेक गांवों में ओलावृष्टि का सबसे अधिक असर देखा गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार संतरा बागों को बडे पैमाने पर नुकसान हुआ है. अनेक स्थानों पर फलों का भारी झडाव भी हुआ है और पेडों पर लगे फलों को गंभीर क्षति पहुंची है. कई बागों में शाखाएं टूट जाने से आगामी सीजन के उत्पादन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पडने की आशंका है. हजारों रुपए खर्च कर संतरा बागों का जतन करनेवाले किसानों के सामने अब आर्थिक संकट निर्माण हुआ है.
शासन की विविध योजना और लाभ समय पर न मिलने से तथा बीमा कंपनियों की ओर से अपेक्षित मदद न मिलने से किसान परेशान है. ऐसी परिस्थिति में प्रशासन द्वारा तत्काल नुकसानग्रस्त क्षेत्रों का सर्वे कर पंचनामा करने की मांग की जा रही है. इस संदर्भ में राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के तहसील अध्यक्ष रुपेश वालके ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि, ओलावृष्टि से संतरा उत्पादक किसानों का बडे प्रमाण में नुकसान हुआ है. राजस्व तथा कृषि विभाग संयुक्त रुप से तत्काल पंचनामा कर हुए नुकसान की रिपोर्ट शासन को भिजवाए, नुकसानग्रस्त किसानों को तत्काल आर्थिक मदद, विशेष अनुदान, बीमा भरपाई दें, अन्यथा आंदोलन की भी चेतावनी उन्होंने दी.