छत पर सोते समय काटा सांप, युवक की मौत

दो दिन तक अस्पताल में चला इलाज

* महादेव खोरी क्षेत्र की घटना, परिवार में शोक की लहर
अमरावती /दि.13– फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के महादेव खोरी निवासी 22 वर्षीय युवक की सांप के काटने से उपचार के दौरान मौत हो गई. इस घटना से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सत्यम उर्फ शुभम दीपक प्रधान (22, महादेव खोरी) के रुप में हुई है. मृतक के चाचा उमेश एकनाथ प्रधान (51, गवलीपुरा, वडाली) ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि, मंगलवार 9 जून की रात सत्यम अपने दोस्त पियूष प्रताप चौधरी के साथ घर की छत पर सो रहा था. रात करीब 2 बजे के दौरान किसी जहरीले सांप ने सत्यम की दाई आंख के उपर कांट लिया. घटना के बाद परिजनों और दोस्तों ने उसे तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया. वहां उसका लगातार इलाज चल रहा था. करीब दो दिनों तक उपचार के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ. शरीर में जहर काफी फैल चुका था और गुरुवार 12 जून की सुबह लगभग 7 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर फ्रेजरपुरा पुलिस ने इस मामले में फिलहाल आकस्मिक मौत के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस आगे की जांच कर रही है. इस दुखद घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड टूट पडा है तथा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है.

Back to top button